जयपुर: राजस्थान में नशे के सौदागरों की अब खैर नहीं! मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल (ANTF) ने प्रदेशभर में ताबड़तोड़ छापेमारी कर नशे के काले कारोबार की कमर तोड़ दी है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन के सुपरविजन में महानिरीक्षक विकास कुमार की अगुवाई वाली ANTF टीम ने एक ही दिन में करीब 8 करोड़ 15 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थ जब्त व नष्ट कर 5 तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

खेत में दबी बरनी से लेकर सरकारी जमीन तक... ऐसे खुला 'काला चिट्ठा'
-
सरकारी जमीन पर उगी 5,200 गांजे की फसल राख: जयपुर के गोविंदगढ़ (हस्तेड़ा) में बिजली ग्रिड के सामने सरकारी जमीन के गड्ढों और पानी के बहाव क्षेत्र में गांजे की अवैध खेती चल रही थी। ANTF, स्थानीय पुलिस और NCB की संयुक्त टीम ने पटवारी की मौजूदगी में 5,200 हरे गांजे के पौधे उखाड़े और मौके पर ही आग के हवाले कर दिए।
-
बाजरे की फसल की आड़ में अफीम का दूध: बाड़मेर के नागाणा क्षेत्र में हरचंदराम उर्फ पप्पू ने अपने खेत में बाजरे के ढोकों के नीचे स्टील की बरनी गाड़ रखी थी। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। बरनी से 3 थैलियों में भरा 5.096 किलोग्राम अफीम का दूध बरामद हुआ।
-
नाकाबंदी तोड़कर भागी कार, तारबंदी में फंसी: जालोर के बागोड़ा में सायला की तरफ से आ रही फ्रोंक्स कार (RJ 09 CE 5955) ने पुलिस को देखकर तेजी से गाड़ी मोड़ भगाने की कोशिश की। पीछा करने पर कार बेकाबू होकर खेतों की तारबंदी तोड़ते हुए जा घुसी। पिछली सीट पर कट्टों में भरा 45.062 किलो डोडा पोस्त जब्त कर कपासन (चित्तौड़गढ़) निवासी अयूब मोहम्मद व अब्दुल रहीम को गिरफ्तार किया गया।

-
स्विफ्ट कार में ग्राहक ताड़ रहा बुजुर्ग धरा: सीकर के नेछवा में बाबा पूर्णदास की बगीची के पास स्विफ्ट कार में गांजा बेचने की फिराक में खड़े 67 वर्षीय रघुनाथ सिंह को पुलिस ने चारों तरफ से घेर लिया। कार से 5.120 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
-
हॉस्टल के बाहर संदिग्ध युवक से अफीम जब्त: श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर में राजकीय अल्पसंख्यक छात्रावास के पास संदिग्ध रूप से घूम रहे फलोदी निवासी महेंद्र कुमार बिश्नोई को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसके पास से 283 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई।
महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि इस बड़ी कार्रवाई में शामिल सभी पुलिस टीमों को ANTF मुख्यालय में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना नियंत्रण कक्ष (0141-2502877) या व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दें; सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां