साकड़/गुन्दाऊ: साकड़ से गुन्दाऊ जाने वाली मुख्य सड़क पर इन दिनों नियमों और मापदंडों को ताक पर रखकर पटरी (शोल्डर) निर्माण का खेल खुलेआम चल रहा है। दोनों तरफ पटरी सुदृढ़ीकरण के नाम पर सरकारी बजट को ठिकाने लगाने और ठेकेदार की मनमर्जी के चलते घटिया सामग्री झोंकने का गंभीर मामला सामने आया है। मौके पर निर्माण की हकीकत देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने काम रुकवाकर उच्चाधिकारियों तक मामले की शिकायत ले जाने की चेतावनी दी है।

झाड़ियों पर ही बिछा दिया मटेरियल, न रोलर चला न समतलीकरण
कबुली ढाणी सहित आसपास के बाशिंदों के अनुसार, सड़क के दोनों किनारों पर उगी बबूल व कटीली झाड़ियों को साफ करने की जहमत तक नहीं उठाई गई। सीधे झाड़ियों और पत्थरों के ऊपर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली से बजरी जैसा कमजोर मटेरियल उड़ेल दिया गया। घटिया निर्माण का आलम यह है कि कहीं पटरी आधा फीट ऊंची है, कहीं एक फीट और कई जगहों पर तो नाममात्र को भी पटरी नहीं बची है। मटेरियल की परत भी कहीं महज एक इंच तो कहीं दो इंच डालकर खानापूर्ति कर दी गई है। न तो नियमानुसार पानी का छिड़काव किया गया और न ही भारी रोलर चलाकर जमीन को मजबूत किया गया।
'झीखरा' डालते तो सालों टिकता, अब बड़े पत्थरों से फिसल रहे वाहन
ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय मापदंडों के अनुसार यदि पटरी पर गुणवत्तापूर्ण 'झीखरा' (मुरुम/ग्रेवल) डालकर दबाया जाता, तो सड़क सालों-साल टिकती और पैदल चलने वालों व वाहन चालकों को सुरक्षा मिलती। इसके उलट, ठेकेदार द्वारा डाली जा रही बजरी में नुकीले और बड़े-बड़े पत्थर हैं। ऐसे में सामने से आने वाले बड़े वाहनों को साइड देते वक्त दोपहिया या चौपहिया वाहनों के फिसलने और गहरी खाई में पलटने का भारी अंदेशा बन गया है।
ठेकेदार को दो-टूक: मापदंड से काम करो, वरना सीधे कलेक्टर से शिकायत
घटिया निर्माण की सूचना मिलते ही कबुली ढाणी निवासी पूर्व पत्रकार अश्विन कुमार सियाक, लादुराम आर. साऊ, श्रवण कुमार सियाक, गणपत लाल सियाक, रतीलाल सेठ, किशन, रामलाल सियाक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ठेकेदार को फोन कर काम में बरती जा रही खुली धांधली पर कड़ी नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने दो-टूक शब्दों में कहा कि यदि तय मानकों और मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं किया गया, तो काम किसी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जनता के हक और सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा; यदि तुरंत सुधार नहीं हुआ तो जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां