बाड़मेर/बालोतरा
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क
बाड़मेर। सिणधरी थाना क्षेत्र के सड़ा गांव में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। मेगा हाईवे पर एक ट्रेलर और स्कॉर्पियो कार में जबरदस्त भिड़ंत के बाद स्कॉर्पियो में आग लग गई, जिससे कार सवार चार लोग जिंदा जल गए।
हादसा रात करीब 12 बजे मेगा हाईवे पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें तत्काल आग लग गई। कार में सवार 5 दोस्तों में से 4 को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वे मौके पर ही जल गए।
घर से 30 किलोमीटर पहले हुआ एक्सीडेंट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुड़ामालानी (बाड़मेर) डाबड़ निवासी पांच युवक किसी काम से सिणधरी गए थे। वे रात करीब 12 बजे वापस अपने घर लौट रहे थे। डाबड़ स्थित घर से लगभग 30 किलोमीटर पहले मेगा हाईवे पर उनकी स्कॉर्पियो सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई।
चारों पूरी तरह जले, डीएनए टेस्ट से होगी पहचान
इस दर्दनाक हादसे में मोहनसिंह (35) पुत्र धूड़सिंह, शम्भूसिंह (20) पुत्र दीपसिंह, पांचाराम (22) पुत्र लुम्बाराम और प्रकाश (28) पुत्र सांपाराम की जलने से मौत हो गई। स्कॉर्पियो ड्राइवर दिलीप सिंह इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है।
सिणधरी थाना पुलिस के अनुसार, चारों शव पूरी तरह से जल चुके हैं, इसलिए उनकी पहचान अब उनके परिजनों के डीएनए टेस्ट के जरिए की जाएगी, जिसके बाद ही शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा।
एक घंटे तक लगा रहा जाम
हादसे के कारण मेगा हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जले हुए वाहनों को हाईवे से हटाया और यातायात को सुचारु करवाया। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। चारों मृतकों के शवों को फिलहाल सिणधरी हॉस्पिटल की मोर्चरी में शिफ्ट किया गया है।



