मानव सेवा ही ईश्वर आराधना: जन्मदिन की संध्या पर छलका सेवाभाव, नौनिहालों के खिले चेहरे
मालवाड़ा गौशाला अध्यक्ष संघवी चुन्नीलाल माधाणी के जन्मदिवस पर जरूरतमंद विद्यार्थियों को वितरित किए पेपर सेफ्टी बोर्ड; दीर्घायु की कामना
सर्कल न्यूज नेटवर्क
रानीवाड़ा। जब सेवा का संकल्प जीवन का ध्येय बन जाए, तो खुशियों के पल भी जनसेवा के रंग में रंग जाते हैं। कुछ ऐसा ही नजारा यहां जीवदया प्रेमी एवं संघवी कंकुबाई वरधीचंदजी गौरी गौशाला (जीवदया) मालवाड़ा के अध्यक्ष संघवी चुन्नीलाल माधाणी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर देखने को मिला। ग्रामीणों व सेवाभावी लोगों ने जरूरतमंद विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री के रूप में पेपर सेफ्टी बोर्ड वितरित कर उनका जन्मदिन सादगी व परोपकार के साथ मनाया। इस दौरान उपस्थितजनों ने माधाणी के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की मंगलकामनाएं कीं।
शिव सांई सेवा समिति के अध्यक्ष मुकेश कुमार खण्डेलवाल ने माधाणी के सेवा कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे केवल गौशाला प्रबंधन तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि मानव सेवा के रचनात्मक कार्यों से लेकर मूक पशु-पक्षियों की सेवा में सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़े नजर आते हैं।
खण्डेलवाल ने बताया कि चाहे कोरोना काल की विषम परिस्थितियां रही हों या फिर गौवंश पर आया लंपी महामारी जैसी बीमारियों का संकट, संघवी माधाणी ने कभी कदम पीछे नहीं खींचे और समर्पित भाव से पीड़ितों व बेजुबानों की सुध ली। सेवा के इस पुनीत प्रकल्प के दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर खिली मुस्कान ने आयोजन को सार्थकता प्रदान की। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक व सेवाभावी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां