जसवंतपुरा (सर्कल न्यूज़ नेटवर्क): जसवंतपुरा-भीनमाल सड़क मार्ग पर, तहसील कार्यालय के पास, आज एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। सड़क पार कर रही पांच साल की मासूम बच्ची को एक तेज रफ्तार एक्टिवा ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। इस हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है।
मृतक बच्ची की पहचान प्रतिभा (5), पुत्री रामरस गुर्जर, निवासी बालौली, जिला सवाई माधोपुर के रूप में हुई है। बच्ची के पिता रामरस गुर्जर जसवंतपुरा ब्लॉक के शिवगढ़ भील बस्ती में सरकारी अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि बच्ची सुबह करीब 10 बजे अपने आवास (हीरो शोरूम के ऊपर) से सड़क पार करके दुकान पर जा रही थी, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ।
टक्कर लगने के बाद आसपास के दुकानदार तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल बच्ची को जसवंतपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत की खबर सुनते ही उसके माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में दो साल का एक छोटा भाई और सात साल की बड़ी बहन भी है। इस हृदय विदारक घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में शिक्षक और ग्रामीण अस्पताल में जमा हो गए। सूचना मिलते ही जसवंतपुरा पुलिस के हेड कांस्टेबल नरपत सिंह भी मौके पर पहुंचे।
‘सड़क बनी मौत का साया’: यह पहली बार नहीं है जब इस जगह पर कोई हादसा हुआ हो। तहसील कार्यालय के पास पिछले छह महीनों में एक दर्जन से अधिक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है और एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस संवेदनशील जगह पर स्पीड ब्रेकर लगाने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के चलते तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कोई लगाम नहीं लग पा रही, जिससे आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर से इस मुद्दे पर प्रशासन की उदासीनता को उजागर किया है।



