आहोर निवासी जगदीश सोनी को मिली 78 हजार की सब्सिडी, अब दूसरों को भी कर रहे हैं जागरूक
जालोर/आहोर। बढ़ती महंगाई के दौर में जहां आम आदमी बिजली के बिलों से परेशान है, वहीं जालोर जिले के आहोर निवासी जगदीश सोनी के लिए 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' वरदान साबित हुई है। जगदीश ने अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाकर न केवल बिजली के भारी-भरकम बिलों से मुक्ति पाई है, बल्कि वे अब दूसरों के लिए प्रेरणा स्रोत भी बन गए हैं।
विभाग से मिली जानकारी, फिर बदला घर का नजारा जगदीश सोनी ने बताया कि उन्हें इस योजना की जानकारी विद्युत विभाग के कार्मिकों के माध्यम से मिली थी। जानकारी मिलते ही उन्होंने बिना देरी किए आवेदन किया और घर की छत पर रूफ-टॉप सोलर सिस्टम स्थापित करवाया। जगदीश का कहना है कि पहले उन्हें हर महीने बिजली के बिल की चिंता सताती थी, लेकिन अब उनका बिल शून्य आता है।
खाते में आई 78 हजार की सब्सिडी योजना की पारदर्शिता और लाभ का जिक्र करते हुए जगदीश ने बताया कि सरकार की ओर से दी जाने वाली 78 हजार रुपये की सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में जमा हो गई है। निवेश के नाम पर शुरू में लगा पैसा अब बचत के रूप में वापस मिल रहा है।
ग्रामीणों को कर रहे हैं प्रोत्साहित अपनी इस सफलता और सरकारी राहत से खुश होकर जगदीश अब चुप नहीं बैठे हैं। वे अपने रिश्तेदारों, पड़ोसियों और ग्रामीणों को भी इस लोककल्याणकारी योजना की खूबियां बता रहे हैं और उन्हें आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने इस राहत के लिए केंद्र व राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां