- बीकानेर में डंपर और कार की आमने-सामने की भिड़ंत, पति-पत्नी और बेटी सहित छह ने गंवाई जान, गाड़ी के उड़े परखच्चे
- श्रीडूंगरगढ़ के पास नेशनल हाईवे-11 पर हुआ दर्दनाक हादसा; गुरु जम्भेश्वर महाराज के दर्शन कर फतेहाबाद लौट रहा था परिवार, 2 वर्षीय बच्ची जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही
श्रीडूंगरगढ़ (बीकानेर)। बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। नेशनल हाईवे-11 पर होटल नजद सिजराल के पास दोपहर करीब 1:35 बजे एक तेज रफ्तार डंपर और कार में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनकी मासूम बेटी सहित कुल 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 2 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत पारीक ने बताया कि कार सवार सभी लोग बीकानेर के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मुकाम में बिश्नोई समाज के आराध्य गुरु जम्भेश्वर के समाधि स्थल के दर्शन कर वापस अपने गृह राज्य हरियाणा लौट रहे थे। डंपर श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर की ओर जा रहा था, जबकि हरियाणा नंबर की कार बीकानेर से श्रीडूंगरगढ़ की तरफ आ रही थी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भारी मशक्कत कर पुलिस की मदद से शवों को कार से बाहर निकाला।

मृतक एवं घायलों का विवरण
हादसे का शिकार हुए सभी लोग बिश्नोई समाज से थे और हरियाणा के फतेहाबाद जिले के निवासी थे।
मृतकों की सूची:
- ओमप्रकाश बिश्नोई (50 वर्ष) — पुत्र भागीरथ बिश्नोई (कार चालक)
- सोरमा देवी (45 वर्ष) — पत्नी ओमप्रकाश बिश्नोई
- प्रमिला (3 वर्ष) — पुत्री ओमप्रकाश बिश्नोई
- रोनित (4 वर्ष) — पुत्र सुरेंद्र कुमार बिश्नोई
- यशवी (10 वर्ष) — पुत्री अमित बिश्नोई
- खुशी (8/9 वर्ष) — पुत्री संदीप बिश्नोई
गंभीर घायल:
- तनवी (2 वर्ष) — पुत्री संदीप बिश्नोई
अस्पताल में मची चीख-पुकार, जांच में जुटी पुलिस हादसे के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल मासूम तनवी को श्रीडूंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बीकानेर के PBM हॉस्पिटल के ट्रॉमा वार्ड में रेफर किया गया है। वहीं सभी 6 मृतकों के शवों को श्रीडूंगरगढ़ CHC की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने डंपर और कार को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही फतेहाबाद में मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।
source DB corps thnx



