भामाशाहों ने दिल खोलकर की मदद, विद्यालय विकास के लिए 3.51 लाख की घोषणा
कागमाला (रानीवाडा)। निकटवर्ती राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कागमाला में वर्ष 2026 के वार्षिकोत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रानीवाडा के पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता सरपंच ठाकुर महेन्द्र सिंह देवल ने की।

भामाशाहों की दरियादिली, शिक्षा के मंदिर को दी बड़ी सौगात
संस्था के प्रधानाचार्य नारायण लाल जीनगर ने बताया कि संपूर्ण कार्यक्रम के मुख्य भामाशाह जितेंद्र कुमार एवं तेजाराम प्रजापत रहे। इस अवसर पर विद्यालय विकास के लिए भामाशाहों ने लगभग 3.51 लाख की सहायता राशि के साथ फर्नीचर, टेबल-स्टूल, कुर्सियां, लैपटॉप, कंप्यूटर सिस्टम और हॉकी स्टीक जैसी खेल सामग्री देने की घोषणा की।
दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि नारायण सिंह देवल, सरपंच महेंद्र सिंह, एडीपीसी मनोहरलाल गोदारा, विकास अधिकारी हेमलता विश्नोई, पीईईओ पुखराज चौधरी और समाजसेवी मोहब्बत सिंह देवल सहित गणमान्य अतिथियों ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा साफा एवं माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।

“बालिका शिक्षा ही विकास की आधारशिला”
छात्राओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का मूल मंत्र है। बालिकाओं की शिक्षा से ही एक सशक्त और उन्नत भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक प्रयासों की सराहना करते हुए छात्राओं के उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की।
प्रतिभाओं का सम्मान और रंगारंग प्रस्तुतियां
वार्षिकोत्सव में छात्राओं ने देशभक्ति नृत्य, नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित ग्रामीणों का मन मोह लिया। इस दौरान ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2025’ का खिताब भूमिका कुमारी को दिया गया। साथ ही जिला व राज्य स्तर पर चमकने वाली हॉकी खिलाड़ियों और कक्षा 10वीं की टॉपर बालिकाओं को सिल्वर मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
गरिमामयी उपस्थिति:
समारोह में मंगल सिंह सोलंकी, नेपाल सिंह देवल (साक्षी फाउंडेशन), दीप सिंह देवल, भामाशाह खेमचंद मुथा, मुस्ताक खां ठेकेदार, भभूतमल जैन सहित विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



