बड़ी खुशखबरी: खाकी के कंधों पर बढ़े सितारे, 2001 से 2022 बैच तक के IPS अधिकारियों को मिला नए साल का तोहफा
Circle News Network
जयपुर: राजस्थान में साल 2026 का आगाज पुलिस महकमे के लिए खुशियों भरा रहा। राज्य सरकार ने देर रात एक बड़ा प्रशासनिक धमाका करते हुए भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की पदोन्नति सूची जारी की। इस सूची में सबसे बड़ा नाम एच. जी. राघवेंद्र सुहासा का है, जिन्हें अब पुलिस बेड़े में और भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए तैयार किया गया है।
सुहासा अब संभालेंगे ADG की कमान
कार्मिक विभाग के आदेशानुसार, 2001 बैच के वरिष्ठ अधिकारी एच. जी. राघवेंद्र सुहासा को आईजी रैंक से प्रमोट कर अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (ADG) बनाया गया है। सुहासा के साथ प्रफुल्ल कुमार को भी लेवल 15 पे-मैट्रिक्स में पदोन्नति मिली है। सुहासा की गिनती प्रदेश के तेज-तर्रार और सुलझे हुए अधिकारियों में होती है, अब एडीजी के रूप में उनका अनुभव राज्य की सुरक्षा व्यवस्था में नई ऊर्जा भरेगा।
9 अफसर बने आईजी, 11 को मिला डीआईजी का जिम्मा
पदोन्नति की इस दौड़ में 2008 बैच के अधिकारियों का भी दबदबा रहा। लवली कटियार, प्रीति चन्द्रा, राहुल कोटोकी और विकास पाठक सहित 9 अधिकारियों को महानिरीक्षक (IG) बनाया गया है। वहीं, 2012 बैच की राशि डोगरा डुड्डी, ममता गुप्ता और पूजा अवाना सहित 11 अधिकारियों को उपमहानिरीक्षक (DIG) के पद पर प्रमोट किया गया है।
युवा अधिकारियों का भी बढ़ा मान
सरकार ने केवल वरिष्ठ ही नहीं, बल्कि युवा बैच के अधिकारियों को भी प्रोत्साहित किया है:
- सिलेक्शन ग्रेड: तेजस्वनी गौतम और चुनाराम जाट सहित 9 अधिकारियों को लेवल 13 में पदोन्नति मिली।
- सीनियर स्केल: राजर्षि राज वर्मा और वन्दिता राणा को कनिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड मिला।
- कनिष्ठ से वरिष्ठ: उषा यादव, पंकज यादव और शिवानी सहित 6 अधिकारियों को लेवल 11 में प्रमोट किया गया है।



