जालोर। राजस्व विभाग (ग्रुप-5) जयपुर के निर्देशानुसार जिले में पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़ा का आयोजन 24 जून से 09 जुलाई 2025 तक उपखंड स्तर पर किया जाएगा। इस संबंध में रेफरेंस क्रमांक 15953374 दिनांक 16 जून 2025 को जारी आदेशानुसार सभी उपखंड क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया गया है।
इस पखवाड़े का उद्देश्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाकर 'अन्त्योदय' की भावना को साकार करना है। जिले के प्रत्येक उपखंड अधिकारी को अपने क्षेत्र के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो शिविरों की सम्पूर्ण निगरानी करेंगे।
शिविरों के संचालन हेतु दिशा-निर्देश
प्रत्येक उपखंड अधिकारी द्वारा अपने क्षेत्र के शिविरों हेतु शिविर प्रभारी, सहायक प्रभारी, एवं तकनीकी प्रभारी की नियुक्ति की जाएगी। नोडल अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि सभी अधिकारी एवं कार्मिक शिविरों में समय पर पहुंचकर कार्य प्रारंभ करें।
शिविरों में फर्नीचर, पेयजल, विद्युत और छाया जैसी मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी संबंधित विकास अधिकारियों को सौंपी गई है। वहीं, शिविर की समाप्ति के पश्चात, पूरी कार्यवाही की सूचना राज्य सरकार के पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। जब तक सूचना पोर्टल पर अपडेट नहीं हो जाती, कोई भी शिविर प्रभारी शिविर स्थल नहीं छोड़ेगा।
शिविर संपन्न होने के पश्चात, उसकी समस्त रिपोर्ट जिला नोडल अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर, जालोर) को समय पर भिजवाना भी शिविर प्रभारी की जिम्मेदारी रहेगी।
क्या मिलेगा इन शिविरों में?
इन शिविरों के माध्यम से जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, नाम जुड़वाने, दस्तावेज सत्यापन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पालनहार योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत कार्ड सहित अनेक कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया जाएगा।
मंगलवार को इन ग्राम पंचायतों में होगा शिविरों का आयोजन
पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के अंतर्गत 24 जून मंगलवार को जालोर पंचायत समिति की लेटा, नारणावास और सामतीपुरा ग्राम पंचायत, आहोर पंचायत समिति की अजीतपुरा, काम्बा, भोरड़ा और निम्बला ग्राम पंचायत, बागौड़ा पंचायत समिति की रंगाला और खोखा ग्राम पंचायत, सायला पंचायत समिति की तेजा की बेरी, सीराणा और संगाणा ग्राम पंचायत, भीनमाल पंचायत समिति की कोरा और कोटकास्ता ग्राम पंचायत, जसवंतपुरा पंचायत समिति की जसवंतपुरा और रामसीन ग्राम पंचायत, रानीवाड़ा पंचायत समिति की रानीवाड़ा खुर्द, डुंगरी और सूरजवाड़ा ग्राम पंचायत, चितलवाना पंचायत समिति की गोमी और रामपुरा तथा सांचौर पंचायत समिति की कुड़ा, डबाल और पालड़ी सोलंकियान ग्राम पंचायत में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
📌 राजस्थान सरकार की यह पहल ग्रामीण और वंचित वर्ग के लिए एक सुनहरा अवसर है। ऐसे में प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रह जाए।
सुनिल कुमार, उपखंड अधिकारी रानीवाड़ा
📝 समाचार प्रस्तुति: संवाददाता







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां