सर्कल न्यूज़ नेटवर्क
बड़गांव (जालौर)। जसवंतपुरा उपखंड क्षेत्र के पावली गांव में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय 17 वर्षीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में न्यू सनराईज इंग्लिश एकेडमी बड़गांव की बालिकाओं ने अपने शानदार खेल का लोहा मनवाया। कड़े और रोमांचक मुकाबलों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय की टीम ने पूरे जिले में दूसरा स्थान (उपविजेता) हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

विद्यालय के शारीरिक शिक्षक नटवर सिंह ने बताया कि स्कूल खेल के क्षेत्र में हर साल उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। इस वर्ष भी टीम की बालिकाओं ने अनुशासन और सटीक रणनीति के साथ कोर्ट पर प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की तीन होनहार बालिकाओं—रिंका चौधरी, चन्द्रिका कुमारी और पलक टेलर का चयन राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
विद्यालय पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत: उपविजेता बनकर लौटी टीम का विद्यालय प्रांगण में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। संस्था प्रधान हिम्मत सिंह ने इसे विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरवशाली व यादगार पल बताया। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर और मुंह मीठा करवाकर हौसला बढ़ाया तथा राज्य स्तर पर चयनित तीनों छात्राओं को आगामी मुकाबलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।










पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां