राजस्थान में नशा तस्करों के खिलाफ एएनटीएफ (ANTF) और एटीएस (ATS) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार के नेतृत्व में टीमों ने दो अलग-अलग जिलों में कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये का अवैध डोडा पोस्त, हथियार और कारतूस जब्त किए हैं। पहली घटना में जहां तस्करों और पुलिस के बीच 175 किलोमीटर तक ‘चूहे-बिल्ली’ का खेल चला, वहीं दूसरी ओर ट्रक के गुप्त केबिन से हथियारों की खेप बरामद की गई।
घटना 01: ‘बजरंग’ का उतरा रंग, फिल्मी स्टाइल में पीछा कर दबोचा
चित्तौड़गढ़ के बेगू से शुरू हुआ पीछा अजमेर के बागौड़ा में जाकर खत्म हुआ। एएनटीएफ की कोटा टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए फायरिंग के जवाब में फायर झोंककर कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया।
- कैसे हुई कार्रवाई: मुखबिर की सूचना पर टीम ने एक संदिग्ध सफेद स्कोर्पियो को रुकवाने का प्रयास किया। ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। तस्करों ने टीम को चकमा देने के लिए रास्ते में कई बार फर्जी नंबर प्लेट्स बदलीं।
- एनकाउंटर जैसी स्थिति: जब टीम ने तस्करों को ओवरटेक किया, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की और 20 किलोमीटर तक गोलियां चलने के बाद गाड़ी को घेराबंदी कर पकड़ा।
- आरोपी का विवरण: * नाम: बजरंगराम पुत्र बंशीलाल।
- निवासी: गिगाला, थाना खेड़ापा, जिला जोधपुर ग्रामीण।
- प्रोफाइल: आरोपी अंतरिम जमानत से फरार था और उस पर लूट, फिरौती और तस्करी के 8 मामले दर्ज हैं। वह एक ट्रिप के 50 हजार रुपये तक लेता था।
- बरामदगी: 4.42 क्विंटल डोडा पोस्त (कीमत करीब पौने करोड़), चोरी की स्कोर्पियो और 5 फर्जी नंबर प्लेट।

घटना 02: ट्रक के गुप्त केबिन में छिपा था ‘जहर’ और ‘मौत का सामान’
दूसरी कार्रवाई भीलवाड़ा इलाके में हुई, जहां जोधपुर एएनटीएफ और भीलवाड़ा चौकी ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। यहां तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ‘ओवर कॉन्फिडेंस’ का सहारा लिया।
- शातिर दिमाग: तस्करों ने ट्रक में प्लास्टिक रोल भरे थे और खुद ही ट्रक खोलकर दिखाने लगे ताकि पुलिस को शक न हो। लेकिन सघन तलाशी में ट्रक के केबिन और गुप्त बॉक्स से नशा बरामद हुआ।
- गैंगस्टर को सप्लाई होने थे हथियार: आरोपी अपने बैग में दस्तावेज दिखाने के बहाने हथियार छिपाए हुए थे। पूछताछ में सामने आया कि ये हथियार जयपुर के एक नामी गैंगस्टर को डिलीवर होने थे।
- आरोपी का विवरण:
- राजकुमार पुत्र सुमेरराम (32 वर्ष), निवासी गुड़ा विश्नोईयान, जोधपुर।
- महिपाल पुत्र भागीरथ चौधरी (23 वर्ष), निवासी गांगाणी, थाना करवड़, जोधपुर।
- बरामदगी: 41 किलोग्राम डोडा चूरा, एक अवैध पिस्टल, 2 मैगजीन और 8 जिंदा कारतूस।

विकास कुमार की दहाड़: पूरी टीम होगी सम्मानित
इस दोहरी सफलता पर एटीएस एवं एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि एडीजी एम.एन. दिनेश के मार्गदर्शन में तस्करों के खिलाफ यह अभियान अनवरत जारी रहेगा। विकास कुमार ने घोषणा की है कि इस साहसिक ऑपरेशन को अंजाम देने वाली सभी टीमों को एटीएस मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
अपील: महानिरीक्षक विकास कुमार ने जनता से अपील की है कि अपराधी या तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना एटीएस कंट्रोल रूम (0141-2601583) या व्हाट्सएप नंबर (9001999070) पर दें। आपकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।



