समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन, नए स्टॉपेज और बुनियादी ढांचा विकास पर जोर; नियम 377 के तहत सदन में रखा पक्ष
Circle News Network | दिल्ली/जालोर/सिरोही
10 मार्च को लोक सभा की कार्यवाही के दौरान जालोर-सिरोही के सांसद लुम्बाराम चौधरी ने क्षेत्र के रेल यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए नियम 377 के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने रेलवे मंत्रालय से मांग की कि जालोर-सिरोही क्षेत्र में रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।
सांसद ने सदन में निम्नलिखित प्रमुख बिंदु रखे:
1. समर स्पेशल ट्रेनों की सौगात
सांसद ने गर्मियों की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए जोधपुर से वाया समदड़ी-भीलड़ी होकर कई प्रमुख शहरों के लिए समर स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- बेंगलुरु, हैदराबाद, कोयंबटूर, इरोड, काकीनाडा, सलेम, त्रिवेंद्रम, एर्नाकुलम, नागपुर, बेल्लारी, विशाखापत्तनम, रामेश्वरम, हुबली और पुणे।
2. नई रेल सेवा और ट्रेनों का मर्जर
- नई सेवा: रेल मंत्री की पूर्व घोषणा के अनुरूप जालोर से जयपुर और दिल्ली वाया लूनी-पाली मारवाड़ नई रेल सेवा शीघ्र शुरू की जाए।
- मर्जर: 22421/22422 सालासर एक्सप्रेस और 22483/22484 जोधपुर-गांधीधाम ट्रेनों को मर्ज कर गांधीधाम से दिल्ली-जयपुर वाया समदड़ी-भीलड़ी नई रेल सेवा का संचालन करने का सुझाव दिया।
3. ट्रेनों का विस्तार और नियमितीकरण
- दैनिक संचालन: बाड़मेर-यशवंतपुर एसी एक्सप्रेस (14805/14806) को सप्ताह में सातों दिन चलाने की मांग की।
4. यात्री सुविधाएँ और सुरक्षा
- पैंट्री और सुरक्षा: चेन्नई-भगत की कोठी रेल में पेंट्री कार (रसोईयान) की सुविधा और सुरक्षा के दृष्टिगत आरपीएफ (RPF) जवानों की नियुक्ति अनिवार्य करने का आग्रह किया।
5. स्टॉपेज और आरक्षण की मांग
- मोदरान स्टेशन: चेन्नई-भगत की कोठी एक्सप्रेस (20625/20626) का ठहराव मोदरान रेलवे स्टेशन पर दिया जाए।
- बाकरा रोड स्टेशन: जोधपुर-दादर (14807/14808) और साबरमती-जोधपुर (20485/20486) ट्रेनों का ठहराव यहाँ सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, यहाँ कंप्यूटरीकृत आरक्षण खिड़की खोलने की मांग की।
6. बुनियादी ढांचा विकास
- अंडरपास व ओवरब्रिज: मारवाड़ रतनपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित रतनपुर गाँव के लिए अंडरपास का निर्माण और भीनमाल शहर के जसवंतपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर रेल ओवर ब्रिज (ROB) अथवा अंडर ब्रिज (RUB) बनवाने के लिए आग्रह किया।
सांसद की इन मांगों को क्षेत्र की महत्वपूर्ण जरूरतों के रूप में देखा जा रहा है, जिससे यात्रियों को होने वाली असुविधाओं को कम किया जा सके।



