सर्किल न्यूज नेटवर्क
भीनमाल (जालोर): जोधपुर डिस्कॉम के कर्मचारियों पर बकाएदारों की गुंडागर्दी थमने का नाम नहीं ले रही है। भीनमाल थाना क्षेत्र में बिजली बिल वितरण और स्पॉट बिलिंग ड्यूटी पर तैनात एक तकनीकी सहायक के साथ बेरहमी से मारपीट करने, गाड़ी की चाबी व मोबाइल छीनकर उस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंचायत भवन में घुसकर की मारपीट
थाना क्षेत्र के सहायक अभियंता (AEN) कार्यालय करड़ा में तैनात तकनीकी सहायक बनीसिंह मीणा (32) पुत्र रामनारायणजी मीणा ने थानाधिकारी को दी गई रिपोर्ट में बताया कि 14 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे वे ग्राम पंचायत भवन वणधर के उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर मीटर रीडिंग और स्पॉट बिलिंग का कार्य कर रहे थे।
इसी दौरान जब वे पंचायत भवन के अंदर बैठकर बिल निकाल रहे थे, तभी पूर्व से तैयारी कर पहुंचे वणधर निवासी मनोज और विनोद (दोनों पुत्र संतोष, जाति हरिजन) अचानक अंदर घुस आए। आते ही दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए थप्पड़-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने बनीसिंह का कॉलर पकड़कर कमीज के बटन तोड़ दिए और उनका मोबाइल फोन छीन लिया। साथ ही स्पॉट बिलिंग मशीन छीनने का भी प्रयास किया।
जान बचाकर भागे तो गाड़ी चढ़ाने की कोशिश
आरोपियों के आक्रामक रुख को देखकर पीड़ित तकनीकी सहायक डर के मारे वहां से भागे और पास ही स्थित दिनेश त्रिवेदी के घर में घुसकर अपनी जान बचाई। पीछे से आरोपी मनोज और विनोद ने पीड़ित की मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली। कुछ देर बाद जब दिनेश त्रिवेदी के पिता ने बीच-बचाव कर दोनों आरोपियों से मोटरसाइकिल की चाबी और मोबाइल वापस दिलवाया, तब कर्मचारी वहां से रवाना हुआ।
लेकिन बदमाशों की दहशत यहीं खत्म नहीं हुई। दोनों आरोपी एक काले रंग की गाड़ी लेकर पीड़ित के पीछे लग गए और उन पर सीधी गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया।
कनेक्शन काटने की रंजिश में हमला
पीड़ित कर्मचारी के अनुसार, आरोपियों पर बिजली का बिल बकाया चल रहा था। विभाग के आदेशानुसार उनका कनेक्शन पूर्व में काट दिया गया था। इसी बात की रंजिश रखते हुए दोनों आरोपियों ने कर्मचारी को अकेला पाकर राजकार्य में बाधा पहुंचाते हुए जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद पीड़ित तकनीकी सहायक ने भीनमाल पुलिस थाने पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट पेश की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 और 121(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई (सउनि) चैनाराम को सौंपी गई है। वहीं विभाग के कर्मचारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां