करडा, 30 जुलाई। कस्बे के निकटवर्ती पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दांतवाड़ा में शनिवार को पीएम योजना के तहत विद्यार्थियों में 21वीं सदी के कौशल, नागरिकता कौशल, संवैधानिक मूल्य और भारत के ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
इस अवसर पर “मेरा संविधान मेरा स्वाभिमान” विषय पर एक प्रभावशाली निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने संविधान के महत्व और नागरिक अधिकारों पर अपने विचारों को बखूबी प्रस्तुत किया। साथ ही, विद्यार्थियों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए एक चार्ट प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें कुल 48 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र, पीएम स्कूल शील्ड और पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस तरह के आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास होगा, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा।
विद्यालय के प्राचार्य आईदाना राम देवासी, पीएम प्रभारी आसुराम, प्रतियोगिता प्रभारी आसुराम परिहार, समस्त स्टाफ सदस्य और विद्यार्थी इस कार्यक्रम में पूर्ण रूप से उपस्थित रहे। यह आयोजन विद्यालय में शिक्षण के साथ-साथ सामाजिक और संवैधानिक जागरूकता की दिशा में एक सशक्त पहल साबित हुआ।



