नरपतसिंह परिहार की अनूठी पहल—दांतवाड़ा स्कूल की सूरत बदलने के लिए शुरू हुआ निर्माण! प्रधानाचार्य हरफूलसिंह महरिया के कुशल नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों पर विद्यालय।"
दांतवाड़ा (करड़ा) | निकटवर्ती ग्राम पंचायत दांतवाड़ा स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में दानदाताओं की उदारता से शैक्षणिक सुविधाओं में एक नया अध्याय जुड़ा है। भामाशाह श्री नरपतसिंह जी परिहार (सुपुत्र श्री लच्छसिंह जी परिहार) द्वारा विद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु ३०x३० वर्ग फुट के एक विशाल और भव्य कक्षा-कक्ष निर्माण की घोषणा के बाद, शुभ मुहूर्त में भूमिपूजन का कार्यक्रम विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।

भामाशाह की उदारता और प्रेरक की भूमिका
क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले परिहार परिवार की ओर से इस कक्ष का निर्माण पूर्णतः जनहित में करवाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान भामाशाह परिवार के श्रवणसिंह जी ने नींव पूजन कर निर्माण कार्य का श्रीगणेश किया। उल्लेखनीय है कि इस पुनीत कार्य के लिए विद्यालय के प्राध्यापक आईदानाराम जी ने मुख्य प्रेरक की भूमिका निभाई, जिनके प्रयासों और शिक्षा के प्रति समर्पण ने भामाशाह परिवार को इस ऐतिहासिक दान के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य का कुशल नेतृत्व और विद्यालय की सराहना
विद्यालय के यशस्वी प्रधानाचार्य हरफूलसिंह जी महरिया की क्षेत्र में विशेष सराहना हो रही है। उनके पदभार ग्रहण करने के बाद से ही विद्यालय विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। महरिया के कुशल प्रबंधन और शैक्षणिक गुणवत्ता के प्रति सजगता का ही परिणाम है कि आज भामाशाह विद्यालय की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए सहर्ष आगे आ रहे हैं। प्रधानाचार्य ने भामाशाह परिवार का आभार जताते हुए कहा कि यह कक्षा-कक्ष विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।

ग्रामीणों एवं स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर भंवरसिंह जी परमार, एसएमसी अध्यक्ष परखाराम देवासी, मंगलसिंह जी राठौड़, सोसायटी अध्यक्ष रतनाराम देवासी, हरचंदराम, अदराराम सहित समस्त विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामवासियों ने भामाशाह की इस पहल को अन्य समर्थ लोगों के लिए प्रेरणादायक बताया। विद्यालय परिवार की ओर से परिहार परिवार को साफा पहनाकर और माला अर्पण कर उनके इस परोपकारी कार्य का सम्मान किया गया।
रिपोर्ट: गुमानसिंह राव, सर्कल न्यूज।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां