पीएम श्री स्कूल दांतवाडा में 'ग्रीन स्कूल विशेषज्ञ वार्ता' संपन्न, छात्रों ने ली पर्यावरण बचाने की शपथ, बोले- कोरोना जैसी विभीषिका से बचना है तो जीवन का हिस्सा बनाएं पेड संरक्षण
दांतवाडा/भीनमाल @ सर्कल न्यूज कस्बे के निकटवर्ती पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दांतवाडा में बुधवार को पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण 'ग्रीन स्कूल विशेषज्ञ वार्ता' का आयोजन किया गया। पीएम श्री योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में जीके गोवानी महाविद्यालय भीनमाल के भूगोल विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर नरेश महला ने बतौर मुख्य वक्ता छात्रों को संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कार्यवाहक प्राचार्य आईदाना राम देवासी और एक्सपर्ट नरेश महला ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की।

'हरियालो राजस्थान' जैसे अभियान जनता के बिना अधूरे अपने संबोधन में प्रो. नरेश महला ने पर्यावरण की मौजूदा स्थिति पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि आज का समय ग्लोबल वार्मिंग, क्लाइमेट चेंज और प्रदूषण की गंभीर चुनौतियों का है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरण का मुद्दा केवल वैश्विक सम्मेलनों तक सीमित नहीं रह सकता, इसे लागू करने का दायित्व हम सबका है।
महला ने सरकारी अभियानों की जमीनी हकीकत पर बात करते हुए कहा कि सरकार ने 'हरियालो राजस्थान' और 'एक पेड मां के नाम' जैसे कई अभियान चलाए हैं, जिनसे कागजी आंकडे तो जरूर सुधरे हैं, लेकिन जागरूक जनता के अभाव में धरातल पर इन पेडों का संरक्षण नहीं हो पा रहा है।
ऑक्सीजन की किल्लत न देखनी पडे, इसलिए आज ही चेतें छात्रों को भविष्य के प्रति आगाह करते हुए एक्सपर्ट महला ने कहा कि यदि हम चाहते हैं कि भविष्य में कोरोना जैसी विभीषिका दोबारा न आए और हमें ऑक्सीजन के लिए तरसना न पडे, तो आज से ही पेड संरक्षण को अपने दैनिक जीवन के 'टाइम टेबल' का अनिवार्य हिस्सा बनाना होगा।
स्कूल की व्यवस्था को सराहा वार्ता के दौरान प्रो. महला ने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय काबिले तारीफ है, जहां विद्यार्थियों को सदनों (Houses) के अनुसार विभाजित किया गया है और उसी अनुरूप उनकी बैठक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
सिंगल यूज प्लास्टिक को 'ना', ली शपथ ग्रीन स्कूल प्रभारी वरिष्ठ अध्यापक हापुराम के निर्देशन में संपन्न हुई इस वार्ता के अंत में सभी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। साथ ही, विद्यालय परिसर को 'सिंगल यूज प्लास्टिक' मुक्त बनाने का जोरदार आह्वान किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन बाबूलाल बिश्नोई ने किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां