टायर किलर से पंक्चर कर पकड़ी गाड़ी, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार
सर्कल न्यूज नेटवर्क
भाद्राजून/जालौर।
जिला पुलिस अधीक्षक शैलेंद्रसिंह इंदोलिया के निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत भाद्राजून थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। हालांकि, तस्कर पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे।
नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्कर
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम और वृत्ताधिकारी (आहोर) दशरथसिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी लालाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम 27 अप्रैल 2026 की रात्रि गश्त पर थी। इस दौरान एक संदिग्ध सफेद स्कॉर्पियो (RJ 22 UA 6067) को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी भगा ली। सरहद निम्बला में घेराबंदी के दौरान पुलिस ने टायर किलर का उपयोग कर वाहन के टायर पंक्चर कर दिए। इसके बावजूद आरोपी गाड़ी को घसीटते हुए ले गए और अंततः अंधेरे का लाभ उठाकर खेतों के रास्ते फरार हो गए।
21 कट्टों में भरा था डोडा पोस्त
पुलिस ने जब लावारिस मिली स्कॉर्पियो की तलाशी ली, तो उसमें 21 कट्टे बरामद हुए। इन कट्टों में कुल 419.850 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त भरा हुआ था। पुलिस ने मादक पदार्थ और परिवहन में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है। गाड़ी की तलाशी के दौरान उसमें अन्य नंबर प्लेट्स भी मिली हैं, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस टीम की सक्रियता
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी लालाराम, सउनि करनाराम, कांस्टेबल गुमनाराम, महावीर, मनोहरलाल डाका, गोगराज, मुकेशदान और चालक छगनलाल शामिल रहे। पुलिस ने अज्ञात मुल्जिमों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।



