सहकारिता के क्षेत्र में सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल:
जोड़वास (जालोर)। क्षेत्र की नवनिर्वाचित जोड़वास ग्राम सेवा सहकारी समिति की प्रथम आमसभा में आज सहकारिता और सामाजिक समरसता का एक अद्भुत और ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला। सहकारिता निरीक्षक सुरेश परिहार की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस पहली आमसभा में सर्वसम्मति से बड़ा फैसला लेते हुए सुरता राम मेघवाल को निर्विरोध चेयरमैन (अध्यक्ष) निर्वाचित घोषित किया गया है।
चूंकि यह नई सहकारी समिति है और गांव में इसके लिए पहली बार चुनाव की प्रक्रिया अपनाई जा रही थी, इसलिए पूरे इलाके की नजरें इस पर टिकी हुई थीं। लेकिन जोड़वास के ग्रामीणों ने आपसी मतभेदों को किनारे रखकर, सर्वसम्मति और सामाजिक समरसता की एक ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है। समाज के हर वर्ग ने एकजुट होकर सुरता राम मेघवाल के नाम पर मुहर लगाई, जो ग्रामीण विकास और आपसी भाईचारे की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इस ऐतिहासिक मोड़ और आमसभा के दौरान क्षेत्र के कई वरिष्ठ और गणमान्य लोग साक्षी बने। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच लखमाराम चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरा राम वाघेला, प्रखर अधिवक्ता पूरण सिंह देवड़ा तथा नवगठित समिति के सचिव गनपत सिंह बालोत और ग्राम विकास अधिकारी गोविन्द पराडिया विशेष रूप से मौजूद रहे। साथ में वलमसिंह, सुरता जी देवासी, मफाराम चौधरी, कृष्ण देवासी, सरपंच प्रतिनिधि जेताराम सहित समस्त ग्राम वासी मौजूद रहे।
जैसे ही सहकारिता निरीक्षक सुरेश परिहार ने सुरता राम मेघवाल के निर्विरोध निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा की, पूरा परिसर ग्रामीणों की करतल ध्वनि और हर्षोल्लास से गूंज उठा। ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुरता राम मेघवाल का फूल-मालाओं और साफे से भव्य स्वागत किया। उपस्थित वरिष्ठ नेताओं और ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि नई समिति सुरता राम के नेतृत्व में किसानों और ग्रामीणों के कल्याण के लिए पूरी पारदर्शिता के साथ काम करेगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।



