सुबह की व्यस्त शिफ्ट में 5 प्रमुख ट्रेनों का दबाव, तत्काल टिकट के समय हंगामे के हालात; पूर्व DRUCC सदस्य ने रेल प्रशासन को भेजा शिकायत पत्र
Circle News Network पिंडवाड़ा (सिरोही)। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल के अधीन पिंडवाड़ा (PDWA) रेलवे स्टेशन के टिकट बुकिंग कार्यालय में कर्मचारियों की भारी कमी के चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्वीकृत पदों के मुकाबले महत्वपूर्ण सीटें खाली होने के कारण यहाँ की व्यवस्थाएं पूरी तरह वेंटिलेटर पर आ गई हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर पिंडवाड़ा विकास सेवा समिति के अध्यक्ष, आरटीआई कार्यकर्ता व पूर्व DRUCC सदस्य (अजमेर) काशीराम रावल ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM), अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) अजमेर और स्टेशन अधीक्षक को पत्र भेजकर समाधान की मांग की है।
एक ही काउंटर से थाम रखा है पूरा जिम्मा
शिकायत पत्र के अनुसार, स्टाफ की भारी किल्लत के कारण सुबह की मुख्य और सबसे व्यस्त शिफ्ट में पीआरएस (आरक्षण) और यूटीएस (अनारक्षित) दोनों का संचालन मजबूरन केवल एक ही खिड़की (Single Window) से करना पड़ रहा है। इसी दौरान स्टेशन पर आगरा फोर्ट, अमरापुर अरावली, योगा एक्सप्रेस, दौलतपुर और हडपसर एक्सप्रेस जैसी 5 प्रमुख नियमित ट्रेनों का आवागमन होता है। एक ही खिड़की होने से साधारण टिकट लेने वाले यात्रियों की लंबी कतारें लग जाती हैं और मारामारी की स्थिति बनी रहती है।
तत्काल टिकट के समय 'महायुद्ध', आए दिन विवाद
सबसे बदतर हालात सुबह 10 बजे एसी तत्काल और 11 बजे स्लीपर तत्काल बुकिंग के समय देखने को मिलते हैं। एकल खिड़की होने के कारण सीमित समय में यात्रियों के टिकट नहीं बन पाते, जिससे दूर-दराज से आए यात्रियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच जाता है। काउंटर पर आए दिन गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की नौबत आ रही है। रावल ने चेतावनी दी है कि यदि इस अव्यवस्था के कारण कोई बड़ी अनहोनी या विवाद होता है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।
नाइट ड्यूटी में भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं
समस्या यहीं खत्म नहीं होती; स्टेशन पर नाइट ड्यूटी शुरू होने के बाद यदि कोई कर्मचारी अवकाश या अन्य कारणों से अनुपस्थित रहता है, तो उनकी जगह पर किसी अन्य वैकल्पिक स्टाफ की व्यवस्था तक नहीं की गई है। इससे रेलवे के राजस्व और यात्रियों की सुरक्षा दोनों पर विपरीत असर पड़ रहा है।
मांग: जल्द भरे जाएं स्वीकृत पद पूर्व DRUCC सदस्य काशीराम रावल ने मांग की है कि यात्रियों की सहूलियत, काउंटर पर होने वाले रोज-रोज के विवादों को थामने और सुचारू संचालन के लिए स्वीकृत पदों के अनुसार तुरंत अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की जाए, ताकि व्यस्त समय में दोनों काउंटर अलग-अलग संचालित हो सकें।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां