राज्यसभा सांसद नीरज डांगी ने विदेश मंत्री को पत्र लिखकर इराक के नजफ-कर्बला में मोहर्रम दर्शन के लिए गए भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी की मांग की है। डांगी ने बताया कि राजस्थान के 12 यात्रियों सहित कुल 15 भारतीय नागरिक मोहर्रम दर्शन के लिए इराक गए थे, जिनकी वापसी 20 जून को निर्धारित थी। लेकिन वहां जारी युद्ध के हालात के चलते नजफ और बगदाद एयरपोर्ट से सभी यात्री उड़ानें बंद कर दी गई हैं। केवल बसरा एयरपोर्ट से एकमात्र फ्लाइट चल रही है, जिसका किराया अत्यधिक है और वेटिंग लिस्ट काफी लंबी है, जिससे भारतीय नागरिकों की स्वदेश वापसी संभव नहीं हो पा रही है।
इन फंसे हुए यात्रियों में राजस्थान के सिरोही जिले के छह लोग भी शामिल हैं। डांगी ने अपने पत्र में सिरोही निवासी शब्बीर भाटी का उल्लेख करते हुए उनके मोबाइल नंबर के साथ विदेश मंत्रालय को जानकारी दी है, ताकि सीधे संपर्क कर मदद की जा सके। डांगी ने कहा कि इन हालात में फंसे भारतीयों की चिंता गंभीर है और सरकार को तुरंत हस्तक्षेप कर सभी 15 भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए विशेष व्यवस्था करनी चाहिए।
डांगी ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय को इस मामले में त्वरित और प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि संकट में फंसे भारतीय नागरिक जल्द अपने वतन लौट सकें। उन्होंने यह मांग भी की कि सरकार विशेष उड़ान या अन्य वैकल्पिक साधनों से इन नागरिकों को भारत लाने की व्यवस्था करे।
नीरज डांगी राज्यसभा सांसद होने के साथ-साथ कांग्रेस संसदीय दल की कार्यकारी समिति, परिवहन, पर्यटन और संस्कृति संबंधी स्थायी समिति, ग्रामीण विकास मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति, संसदीय राजभाषा समिति, सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति और सरकारी आश्वासनों संबंधी समिति के सदस्य भी हैं, और वे लगातार जनहित के मुद्दों को संसद और सरकार के समक्ष उठाते रहे हैं।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां