ओड़िशा-तेलंगाना से एमपी होते हुए राजस्थान आ रही गांजे की बड़ी खेप बारां में जब्त; महिलाओं और बच्चों की आड़ में चल रहा था तस्करी का खेल
जयपुर/बारां। राज्य में नशे के सौदागरों पर लगातार कहर बरपा रही एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तस्करों के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में एएनटीएफ और एनसीबी की टीमों ने बारां जिले के मुंडियार टोल प्लाजा पर एक पिकअप को घेरकर करीब 150 किलोग्राम (149.862 किलो) अवैध गांजा जब्त किया है। पकड़े गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 75 लाख रुपये आंकी गई है। हाल ही में एनसीबी जयपुर के चीफ पद पर नियुक्त हुए अभिषेक नारायण सिन्हा और एएनटीएफ आईजी विकास कुमार के बीच हुई गंभीर मंत्रणा के बाद इस बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।
खिलौने बेचने की आड़ में करोड़पति बनने की चाहत एएनटीएफ महानिरीक्षक (आईजी) विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तस्कर बेहद शातिर हैं। ये लोग ओडिशा और छत्तीसगढ़ में खिलौने बेचने के बहाने अपने परिवार, महिलाओं और नाबालिग बच्चों को साथ लेकर जाते थे। वहां से आते वक्त किराए की गाड़ी (पिकअप) करते और नशे के सौदागरों से महज 2,000 रुपये प्रति किलो के भाव में गांजा खरीदकर उसे राजस्थान के कोटा, भरतपुर, जयपुर सहित कई जिलों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि खिलौने बेचने में नाममात्र की कमाई होती थी, लेकिन जब से इस धंधे में उतरे, मोटी कमाई होने लगी। लालच बढ़ा तो वे छोटी मात्रा के बजाय सीधे बड़ी खेप की तस्करी करने लगे।
ट्रेन से लेकर टोल प्लाजा तक 'साये' की तरह पीछा तस्करों को दबोचने की पटकथा किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी रही। जांच टीमों को सूचना मिली थी कि तस्कर खिलौने बेचने के बहाने ओडिशा गए हुए हैं। एएनटीएफ और एनसीबी की एक विशेष टीम ओडिशा पहुंची, तो पता चला कि आरोपी एक दिन पहले ही रायपुर की तरफ निकल चुके हैं और वहां से झांसी जाने वाली ट्रेन में बैठेंगे। बिना समय गंवाए टीम रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंची और ट्रेन के डिब्बों में सवार होकर गुप्त तरीके से साये की तरह तस्करों के पीछे लग गई।
झांसी स्टेशन पर उतरकर तस्करों ने एक पिकअप किराए पर ली और अपने परिवार को उसमें बैठाकर राजस्थान की तरफ रवाना हुए। अधिकारियों को अलर्ट मिलते ही दूसरी टीम को बारां जिले के नेशनल हाईवे पर स्थित मुंडियार टोल प्लाजा पर तैनात कर दिया गया। जैसे ही पिकअप टोल पर पहुंची, टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। गाड़ी रुकते ही उसमें बैठी महिलाएं और बच्चे चिल्लाने लगे, वहीं चार युवक पुलिस को देखकर घबरा गए। सुरक्षा के मद्देनजर गाड़ी को शाहबाद थाने ले जाया गया, जहां सामान की आड़ में छुपाकर रखे गए गांजे के 50 पैकेट बरामद हुए।
यह तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे कार्रवाई के दौरान एनसीबी जयपुर की टीम ने अवैध गांजे के साथ चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है:
- कालूलाल (48): पुत्र मोहनलाल, जाति बागड़ी (मोगिया), निवासी संबलपुर, बारां।
- रेणु (25): पुत्र जोधराम, जाति बागड़ी (मोगिया), निवासी गजनपुरा, बारां।
- नरेश (32): पुत्र जोधराम, जाति बागड़ी (मोगिया), निवासी गजनपुरा, बारां।
- लोकेश (23): पुत्र नन्दलाल, जाति बागड़ी (मोगिया), निवासी अंता, बारां।
मिलेगी शाबाशी, पुलिस ने की आमजन से अपील आईजी विकास कुमार ने बताया कि इस बड़ी कामयाबी को अंजाम देने वाली एएनटीएफ और एनसीबी जयपुर की संयुक्त टीम को मुख्यालय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को भी अपराधियों या नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी कोई भी जानकारी मिले, तो वे एएनटीएफ के कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां