• जीके गोवानी कॉलेज की एनएसएस कैडेट तनुश्री शास्त्री का आरडी परेड-2026 के लिए चयन • कडी मेहनत लाई रंग: दिल्ली में जालोर का मान बढाएगी तनुश्री
सर्कल न्यूज नेटवर्क भीनमाल। अगर हौसलों में जान हो, तो एक छोटे शहर से निकलकर देश की राजधानी तक का सफर तय किया जा सकता है। यह साबित कर दिखाया है भीनमाल की होनहार बेटी तनुश्री शास्त्री ने। स्थानीय जीके गोवानी राजकीय महाविद्यालय की एनएसएस कैडेट तनुश्री शास्त्री (पुत्री मुकेश व्यास) का चयन नई दिल्ली में होने वाली प्रतिष्ठित 'राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड–2026' के लिए हुआ है। यह न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे जालोर जिले के लिए गर्व का क्षण है।

अनुशासन से मिली सफलता एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी व सहायक प्रोफेसर भलाराम ने बताया कि यह सफलता रातों-रात नहीं मिली है। तनुश्री ने कडी मेहनत, अटूट अनुशासन और लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है। अब वह 26 जनवरी को कर्तव्य पथ (राजपथ) पर मार्च पास्ट करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का प्रतिनिधित्व करेंगी, जो हर कैडेट का सपना होता है।
कॉलेज में खुशी की लहर प्राचार्य धर्मपाल ने तनुश्री की इस उपलब्धि को कॉलेज की एनएसएस इकाई की सक्रियता और गुणवत्ता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि तनुश्री की यह उडान अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी। कॉलेज परिवार ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इनसाइड स्टोरी: लाखों में एक होता है चयन गणतंत्र दिवस परेड (RD Parade) में चयन की प्रक्रिया बेहद कठिन होती है। जिला, राज्य और फिर जोनल स्तर के प्री-आरडी शिविरों में कडे शारीरिक और मानसिक परीक्षणों से गुजरने के बाद ही किसी कैडेट को 'कर्तव्य पथ' पर कदमताल करने का मौका मिलता है। भीनमाल जैसे क्षेत्र से तनुश्री का चयन यह बताता है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां