एडीएम डॉ. पूजा सक्सेना ने दी ग्रामीण महिलाओं के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी, ५० आशा कार्यकर्ता रहीं मौजूद
सर्किल न्यूज नेटवर्क
भीनमाल। महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सुलभ व आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थानीय नाहर हॉस्पिटल द्वारा “नारी स्वास्थ्य साथी” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। स्थानीय अजय भवन में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) डॉक्टर पूजा सक्सैना ने शिरकत की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर पांथेड़ी सरपंच श्रीमती मीरा देवासी, एबीवीपी नेता मोनिका पटेल, नाहर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुकेश प्रजापत और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. खुशबू चौधरी मंचासीन रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की।

ग्रामीण स्तर पर बढ़े जागरूकता: एडीएम कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉक्टर पूजा सक्सैना ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर काम कर रहीं आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका को बेहद अहम बताया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे ग्रामीण अंचलों में हर महिला के स्वास्थ्य पर विशेष नजर रखें। उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान और उचित इलाज से कई गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है, इसलिए ग्रामीण महिलाओं को जागरूक करना बेहद जरूरी है।
लॉन्च हुए किफायती चिकित्सा पैकेजेस कार्यक्रम के दौरान नाहर अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर खुशबू चौधरी ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सचेत करते हुए कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से महिलाओं के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए किफायती ‘महिला स्वास्थ्य जांच पैकेज’ और ‘गर्भावस्था जच्चा-बच्चा पैकेज’ को लॉन्च किया गया, ताकि हर वर्ग की महिला को उचित मूल्य पर बेहतरीन इलाज मिल सके।
अस्पताल में उपलब्ध हैं आधुनिक सुविधाएं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुकेश प्रजापत ने नाहर अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, संसाधनों और मरीजों को दी जा रही उत्कृष्ट सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल क्षेत्र के मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
आशा कार्यकर्ताओं ने दिखाया उत्साह इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में भीनमाल सहित आस-पास के ग्रामीण अंचलों से आई लगभग ५० आशा कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन और व्यवस्थाओं को संभालने में नाहर अस्पताल के समस्त स्टाफ व कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।



