पाली/रानीवाड़ा, 27 जुलाई। क्षेत्र के निवासियों के लिए एक अच्छी खबर है। राजस्थान राज्य राजमार्ग टोल शुल्क अधिनियम-2015 के प्रावधानों के तहत रामसीन-भीनमाल-रानीवाड़ा राज्य राजमार्ग संख्या-31 पर स्थित टोल प्लाजा, मूडतरा सिली और कोटड़ा पर स्थानीय नागरिकों को विशेष छूट दी जा रही है। अब इन टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों के निवासियों को अपने निजी (गैर-वाणिज्यिक) वाहनों के लिए मात्र 300 रुपये प्रति माह का पास बनवाने की सुविधा मिलेगी।
सार्वजनिक निर्माण विभाग (राजमार्ग) राजस्थान के परियोजना निदेशक, केदार शर्मा ने बताया कि यह सुविधा क्षेत्र के लोगों के लिए यातायात को सुगम और सस्ता बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस मासिक पास के बनवाने के बाद संबंधित वाहन एक माह के भीतर कितनी भी बार टोल प्लाजा से गुजर सकते हैं। इससे उन्हें हर बार टोल चुकाने के झंझट और खर्च से मुक्ति मिलेगी।
कैसे मिलेगा लाभ?
इस मासिक पास का लाभ उठाने के लिए संबंधित गांव के निवासियों को अपने टोल प्लाजा मैनेजर से संपर्क करना होगा। आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद यह पास तुरंत जारी कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को प्रतिदिन के आवागमन में आर्थिक राहत मिलेगी। यह कदम स्थानीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने वाला माना जा रहा है।
सहायक अभियंता अमित सुथार ने बताया कि यह सुविधा रामसीन-भीनमाल-रानीवाड़ा राजमार्ग पर यात्रा करने वाले स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी राहत है, जिससे उनके दैनिक जीवन में आने-जाने की लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी। आज 35 वाहन चालकों ने इस सुविधा का फायदा लिया है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां