भीनमाल | सर्कल न्यूज़ नेटवर्क शहर के दासपा मार्ग पर मंगलवार शाम को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक बाइक सवार युवक कार की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया, जिसे पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
काम से लौट रहा था घर प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशलापुरा निवासी देवाराम मेघवाल (उम्र- वर्तमान निवासी कुशलापुरा) भीनमाल शहर में डेकोरेशन का कार्य करता था। मंगलवार शाम को वह अपने रोजगार के सिलसिले में काम निपटाकर बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान दासपा रोड पर सामने से आ रही एक ब्रेजा कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
काल बनकर आया ट्रैक्टर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की भिड़ंत इतनी तेज थी कि देवाराम उछलकर सड़क के बीचों-बीच जा गिरा। इससे पहले कि वह खुद को संभाल पाता, पीछे से तेज गति में आ रहे एक ट्रैक्टर का टायर उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे में देवाराम का शरीर बुरी तरह कुचल गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों में मचा कोहराम हादसे की सूचना मिलते ही भीनमाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। जैसे ही देवाराम की मौत की खबर उसके परिजनों तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने कार व ट्रैक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।



