अधिकारों की रक्षा और संगठन की मजबूती को लेकर ‘लियाफी’ (LIAFI) की महाबैठक कल; डिवीजन के आला पदाधिकारी भी होंगे शामिल।
भीनमाल। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के अभिकर्ताओं के हितों और उनके हक की लड़ाई को धार देने के लिए बुधवार, 1 जुलाई को भीनमाल की धरती पर एक बड़ा मंच सजने जा रहा है। एलआईसी एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (LIAFI) शाखा भीनमाल की ओर से प्रातः 10 बजे से स्थानीय होटल मीनाक्षी पैलेस में एक बेहद महत्वपूर्ण और निर्णयकारी बैठक का आयोजन किया जाएगा।
स्वागत सत्कार से होगी शुरुआत, पुरानी टीम देगी पाई-पाई का हिसाब
एलआईसी के वरिष्ठ अभिकर्ता (GALAXY CLUB, COT, MDRT) श्री राव गुलाब सिंह भोजानी ने आगामी रणनीति की जानकारी देते हुए बताया कि इस महाबैठक का आगाज डिवीजन (मंडल) से पधारने वाले अतिथि पदाधिकारियों के भव्य स्वागत और सम्मान के साथ होगा। इसके तुरंत बाद, पारदर्शिता की मिसाल पेश करते हुए पूर्व भीनमाल अभिकर्ता संघ के बीते कार्यकाल की बारीकी से समीक्षा की जाएगी और पाई-पाई का लेखा-जोखा (आय-व्यय) सदन के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
नई टीम का होगा ‘महाचुनाव’, सरगर्मियां तेज
इस बैठक का सबसे मुख्य आकर्षण नई कार्यकारिणी का गठन रहेगा। मंडल अध्यक्ष जीवाराम आर्य, मंडल महासचिव चन्द्र प्रकाश सोनी, प्रतिपाल सिंह वालेचा, नारायणसिंह राठौड़ एवं राजेश चौहान सहित डिवीजन के कई कद्दावर पदाधिकारियों की सीधी निगरानी में पूरी तरह से विधिवत और लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। नई टीम में जगह पाने और संगठन को नई दिशा देने के लिए अभिकर्ताओं के बीच अंदरूनी सरगर्मियां अभी से तेज हो गई हैं।
“एलआईसी देती है ट्रेनिंग, तो लियाफी बनती है ढाल” संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अंतर स्पष्ट करते हुए बताया कि जहां भारतीय जीवन बीमा निगम समय-समय पर सेमिनार, कार्यशालाएं, कॉन्फ्रेंस और ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित कर अभिकर्ताओं की कार्यकुशलता और बिजनेस को बढ़ाने का काम करता है, वहीं दूसरी ओर LIAFI वह मजबूत ढाल है जो जमीनी स्तर पर काम करने वाले अभिकर्ताओं के हितों, अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहती है।
जागरूक साथियों से जुटने की अपील
संगठन की मजबूती ही अभिकर्ताओं की असली ताकत है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए श्री गुलाबसिंह राव और अन्य वरिष्ठ साथियों ने भीनमाल क्षेत्र के सभी जागरूक, ऊर्जावान और सक्रिय अभिकर्ताओं से अपील की है कि वे कल बुधवार को ठीक सुबह 10 बजे होटल मीनाक्षी पैलेस पहुंचे। अधिक से अधिक संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर संगठन की नींव को और मजबूत बनाएं और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।



