जयपुर। राजस्थान के करीब 7.5 करोड़ निवासियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। अब राज्य सरकार द्वारा जारी किया जाने वाला महत्वपूर्ण पारिवारिक पहचान पत्र 'जन आधार' डिजिटल दस्तावेज वॉलेट 'डिजीलॉकर' (DigiLocker) पर उपलब्ध करा दिया गया है। डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के तहत उठाए गए इस कदम से नागरिकों को अब अपने साथ भौतिक कार्ड या कागजात रखने की जरूरत नहीं होगी।
इस नई व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह दोनों तरफ से काम करेगी। नागरिक न केवल अपने मौजूदा जन आधार को डिजीलॉकर से जोड़ सकते हैं, बल्कि डिजीलॉकर ऐप के जरिए अपनी सहमति देकर नया पारिवारिक आईडी भी डिजिटल रूप से बनवा सकते हैं।
चार आसान चरणों में देखें अपना जन आधार:
- डिजीलॉकर ऐप खोलें या digilocker.gov.in पर लॉगिन करें।
- राजस्थान सरकार की सेवाओं में 'जन आधार' विकल्प को खोजें।
- मांगी गई जरूरी जानकारी दर्ज कर अपनी सहमति दें।
- दस्तावेज डाउनलोड करें, जो तुरंत आपके डिजीलॉकर खाते में सुरक्षित हो जाएगा।
सरकारी योजनाओं की खुलेगी 'डिजिटल चाबी' जन आधार कार्ड राजस्थान में दर्जनों सरकारी और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की मुख्य चाबी है। अब इसके डिजीलॉकर पर आने से चिरंजीवी योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाएं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का राशन, छात्रवृत्ति और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाना बेहद आसान हो जाएगा। इससे न केवल कागजी कार्रवाई और वेरिफिकेशन का समय बचेगा, बल्कि पूरी व्यवस्था अधिक पारदर्शी और कुशल बनेगी।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां