भीनमाल।
यूथ फॉर नेशन संस्था की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य दही हांडी (मटकी फोड़) एवं बाल राधा कृष्ण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष किशोर सांखला ने बताया कि कार्यक्रम 17 अगस्त की शाम 5 बजे दादेली बावड़ी स्थित गोपाल चौक पर होगा। आयोजन को लेकर हुई बैठक में सभी कार्यकर्ताओं ने तैयारी पर चर्चा की।
सांखला ने बताया कि भीनमाल एवं आसपास के क्षेत्र से टीमें मटकी फोड़ प्रतियोगिता में भाग लेंगी। टीमों के आवेदन शुरू हो चुके हैं, जिसकी अंतिम तिथि 16 अगस्त तय की गई है। यह आयोजन शहर का प्रमुख आकर्षण होता है, जिसमें हजारों की संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, माताएं और बहनें उपस्थित रहती हैं।
संस्था के सचिव सतीश सेन ने बताया कि कार्यक्रम की सुचारू व्यवस्था के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं और शहर में जगह-जगह होर्डिंग लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।
कोषाध्यक्ष पृथ्वीराज फुलवारिया ने जानकारी दी कि मटकी फोड़ प्रतियोगिता के विजेता को ₹5100 और उपविजेता को ₹2100 का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। बाल राधा कृष्ण प्रतियोगिता के सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। बालकों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
मीडिया प्रभारी ललित होंडा ने बताया कि आयोजन को लेकर सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे हुए हैं और कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने की तैयारी अंतिम चरण में है।



