जालोर/भीनमाल: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट कार्य करने पर भीनमाल विधानसभा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (ईआरओ) मोहित कासनियां को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में कासनियां को 'बेस्ट परफोर्मिंग ईआरओ' के रूप में चयनित होने पर सम्मानित किया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रेषित प्रशस्ति पत्र मोहित कासनियां को प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।
जिले में पुनरीक्षण कार्य युद्धस्तर पर, भीनमाल अव्वल
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे के निर्देशन में जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन तेजी से चल रहा है। अब तक जालोर जिले में कुल 12,62,095 गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज किया जा चुका है, जो कि कुल कार्य का 82.86 प्रतिशत है।
इस कार्य में भीनमाल विधानसभा क्षेत्र प्रदर्शन में सबसे आगे है। भीनमाल में सर्वाधिक 91.36 प्रतिशत (2,96,247) प्रपत्र डिजिटाइज किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, जिले के 195 बीएलओ ने अपना एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया है, जिसमें से सर्वाधिक 114 बीएलओ भीनमाल विधानसभा क्षेत्र से हैं।
अन्य विधानसभाओं में आहोर में 74.60%, जालोर में 79.13%, सांचौर में 88.72% और रानीवाड़ा में 78.65% प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन हो चुका है।
मतदाताओं के लिए जरूरी सूचना: 4 दिसम्बर अंतिम तिथि
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि मतदाता सूची को अपडेट रखने के लिए वे सहयोग करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता अपने भरे हुए परिगणना प्रपत्र 4 दिसम्बर से पूर्व संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास अनिवार्य रूप से जमा करवाएं।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां