शिमला से लौटते वक्त बठिंडा में डिवाइडर से टकराई फॉर्च्यूनर गाडी; महिला कांस्टेबल सहित 5 की मौत
बठिंडा/बनासकांठा। पंजाब में पड रहे भीषण कोहरे ने गुजरात के एक हंसते-खेलते परिवार और दोस्तों की खुशियां छीन लीं। शनिवार सुबह पंजाब के बठिंडा जिले में नेशनल हाईवे पर हुए एक भीषण सडक हादसे में बनासकांठा जिले के 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दियोदर की एक महिला पुलिस कांस्टेबल भी शामिल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉर्च्यूनर गाडी पूरी तरह चकनाचूर हो गई।

कोहरे के कारण अनियंत्रित हुई गाडी
मिली जानकारी के अनुसार, बनासकांठा क्षेत्र के रहने वाले यह सभी दोस्त और रिश्तेदार फॉर्च्यूनर गाडी में सवार होकर शिमला घूमने गए थे। शनिवार सुबह वापसी के दौरान बठिंडा के गुडतडी गांव के पास नेशनल हाईवे पर घना कोहरा होने के कारण दृश्यता बहुत कम थी। इसी दौरान चालक ने गाडी पर से नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार गाडी सीधे डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे में जान गंवाने वाले मृतक
हादसे की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाडी के दरवाजे तोडकर शवों को बाहर निकाला। मृतकों के नाम इस प्रकार हैं:
- अमिताबेन राजपूत: निवासी राटीला, तालुका दियोदर (पुलिस कांस्टेबल - गुजरात पुलिस)
- अर्जुनसिंह राजपूत: निवासी अचवाडिया, तालुका लखानी
- भरतसिंह राजपूत: निवासी अचवाडिया, तालुका लखानी
- जनकसिंह वाघेला: निवासी जेतडा, तालुका थराद
- सतीश राजपूत: निवासी राधनपुर
इन सभी मृतकों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

शोक की लहर
हादसे में जान गंवाने वाली अमिताबेन दियोदर में पुलिस कांस्टेबल के पद पर तैनात थीं। एक साथ समाज के होनहार युवकों की मौत की खबर जैसे ही बनासकांठा पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया। पंजाब पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर परिजनों को सूचना दे दी है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां