जोधपुर-जयपुर हाईवे पर नाकाबंदी कर एएनटीएफ नागौर की टीम ने की कार्रवाई; मध्य प्रदेश से मारवाड़ लाया जा रहा था अवैध नशा, ट्रक जब्त।
जोधपुर/नागौर। राजस्थान में नशे के सौदागरों के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस महानिरीक्षक श्री विकास कुमार के निर्देशन में एएनटीएफ की नागौर टीम ने जोधपुर-जयपुर नेशनल हाईवे पर फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर करीब 1892.290 किलोग्राम (लगभग 19 क्विंटल) अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशा और परिवहन में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर लिया है।

फिल्मी स्टाइल में हाईवे पर घेराबंदी
एएनटीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बंद बॉडी कंटेनर ट्रक (आरजे 14 जीई 3406) में भारी मात्रा में मादक पदार्थ भरकर मध्य प्रदेश के प्रतापगढ़ बॉर्डर से जोधपुर की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर जोधपुर-जयपुर हाईवे नंबर 25 पर नाकाबंदी की। जब ट्रक तेज गति से आता दिखा, तो पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।
आरोपी का प्रोफाइल: नाम ‘श्यामलाल’, काम ‘काले धंधे’
पुलिस ने मौके से श्यामलाल पुत्र सहदेव जाति विश्नोई (37 वर्ष), निवासी भगतासनी, थाना लूणी (जोधपुर) को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से ट्रक ड्राइविंग की आड़ में तस्करी कर रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है, जिसमें चोरी, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के मामले शामिल हैं।
एस्कॉर्ट कर रही गाड़ी हुई फरार
जांच में सामने आया कि तस्कर श्यामलाल के ट्रक को एक अन्य गाड़ी एस्कॉर्ट कर रही थी, जो पुलिस की मौजूदगी भांपकर उसे अलर्ट कर रही थी। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के कारण ट्रक तो पकड़ा गया, लेकिन एस्कॉर्ट कर रही गाड़ी मौके का फायदा उठाकर भाग निकली।
दूसरी बड़ी कार्रवाई: भीलवाड़ा बस स्टैंड पर रोडवेज बस का इंतजार कर रहे तस्कर दबोचे
एएनटीएफ ने एक और कार्रवाई भीलवाड़ा में की, जहां रोडवेज बस के जरिए हनुमानगढ़ नशा ले जाने की कोशिश को नाकाम किया गया।
- बरामदगी: 45.617 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त (कीमत करीब 7 लाख रुपये)।
- पकड़े गए आरोपी: गुरुदास सिंह (21 वर्ष, निवासी टिब्बी, हनुमानगढ़) और एक विधि से संघर्षरत बालक।
- घटनाक्रम: आरोपी नीमच (MP) से नशा लेकर आए थे और भीलवाड़ा बस स्टैंड पर हनुमानगढ़ जाने वाली बस का इंतजार कर रहे थे। सादा वर्दी में तैनात टीम ने शक होने पर उन्हें घेरा और तलाशी में नशा बरामद किया।
Circle News Network की रिपोर्ट।



