भागलभीम गांव का मामला: सरकारी रास्ते पर डामर सड़क निर्माण में बाधा, पुलिस जाब्ता तैनात कर कार्य शुरू कराने की मांग
भीनमाल। उपखंड क्षेत्र के ग्राम भागलभीम में सरकारी रास्ते पर बन रही डामर सड़क के निर्माण कार्य में एक व्यक्ति द्वारा अवरोध पैदा करने का मामला गरमा गया है। सड़क निर्माण कार्य रुकने से आक्रोशित ग्रामीणों ने तहसीलदार भीखादान चारण को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुलिस जाब्ता उपलब्ध करवाते हुए सड़क निर्माण कार्य को पुनः शुरू करवाने की गुहार लगाई है।
तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि गांव में गैर मुमकिन रास्ता भूमि खसरा नंबर 117 व 382 पर वर्षों पुराना सार्वजनिक रास्ता स्थित है। इस रास्ते पर सरकार द्वारा आमजन की सुविधा के लिए डामर सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक रसूखदार व्यक्ति द्वारा अपने खेत एवं ढाणी के पास सड़क निर्माण कार्य में बेवजह बाधा उत्पन्न कर कार्य को रुकवा दिया गया है, जिससे पूरी आबादी परेशान हो रही है।
पटवारी व आरआई कर चुके हैं पैमाइश
ग्रामीणों के अनुसार, इस रास्ते के विवाद को लेकर पूर्व में प्रशासन के आदेश पर राजस्व निरीक्षक (RI) एवं हल्का पटवारी द्वारा मौके की पैमाइश (नाप-चोक) भी की जा चुकी है। उस दौरान राजस्व टीम ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया था कि उक्त रास्ता भूमि पूरी तरह से सरकारी है। इसके बावजूद निर्माण कार्य को जबरन बंद करवा दिया गया है, जो कि नियमों के खिलाफ है।
दोषी को पाबंद करने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि मौके पर जल्द से जल्द पुलिस जाब्ता उपलब्ध करवाकर सड़क निर्माण कार्य को दोबारा शुरू करवाया जाए। साथ ही, भविष्य में इस जनहित के कार्य में किसी भी प्रकार का अवरोध न हो, इसके लिए संबंधित व्यवधान उत्पन्न करने वाले व्यक्ति को कानूनी रूप से पाबंद किया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान गांव के कई प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां