सिरोही। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबूरोड रीको पुलिस ने एक ही दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मावल पुलिस चौकी के पास नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 400 लीटर अवैध स्पिरिट जब्त की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर एएसपी किशोर सिंह चौहान और वृताधिकारी गोमाराम के सुपरविजन में थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

क्या है पूरा मामला
मावल पुलिस चौकी पर नियमित नाकाबंदी के दौरान, पुलिस टीम ने सिरोही की तरफ से आ रहे एक आयसर ट्रक (नंबर GJ-31-T-5593) को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक में कोयले भरे हुए थे, लेकिन आगे की तरफ दो प्लास्टिक के ड्रम रखे मिले। जब पुलिस ने ड्राइवर से ड्रमों के बारे में पूछताछ की, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
सघन पूछताछ के बाद ड्रमों की जांच की गई, जिसमें शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली 400 लीटर स्पिरिट पाई गई। आरोपी के पास स्पिरिट के परिवहन या रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। इस पर पुलिस ने स्पिरिट और ट्रक को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान प्रतापसिंह पुत्र नारायणसिंह (निवासी शंकरगढ, पुलिस थाना देवगढ, जिला राजसमंद) के रूप में हुई है।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत के साथ सउनि प्रमोदकुमार और कांस्टेबल प्रकाश, मालदेव, प्रवीणसिंह, व नेनाराम शामिल थे।



