सरवाना। सर्कल न्यूज़ नेटवर्क। सांचौर जिले की सरवाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंगलवार (5 अगस्त) को पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी से राजस्थान निर्मित अवैध शराब और बीयर के कुल 75 कार्टन बरामद किए। पुलिस ने वाहन को जब्त कर गुजरात के रहने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गुजरात बॉर्डर पर घेराबंदी, स्कॉर्पियो का पीछा कर पकड़ा
यह कार्रवाई सांचौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवडदान के निर्देश और सहायक पुलिस अधीक्षक (वृताधिकारी) IPS कांबले शरण गोपीनाथ के सुपरविजन में की गई। सरवाना थानाधिकारी सूरजभानसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने 5 अगस्त 2025 को थाना क्षेत्र के कुकड़िया गांव में गुजरात बॉर्डर पर नाकाबंदी की। इस दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर GJ 27 K 6900) संदिग्ध दिखी, जिसका पुलिस ने पीछा कर उसे रुकवाया।
तलाशी लेने पर गाड़ी में अवैध शराब और बीयर के 75 कार्टन मिले। पुलिस ने इस मामले में गुजरात के बनासकांठा जिले के थराद निवासी संजय कुमार (27) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज, आगे की जांच जारी
सरवाना थाने में आरोपी संजय कुमार के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 और 54ए के तहत मामला (प्रकरण संख्या 81, दिनांक 05.08.2025) दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से अवैध शराब की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल भंवरलाल (709), कांस्टेबल सुरेश कुमार (786), ओमप्रकाश (267), और मानाराम (82) शामिल थे।



