सिरोही। श्री पावापुरी तीर्थ जीव मैत्रीधाम की 25 वीं ध्वजारोहण 11 फरवरी मंगलवार को आचार्य भगवंत उदयवल्लभसूरीजी एवं ह्रदयवल्लभसुरीजी म. सा. आदि ठाणा 25 की निश्रा में धूमधाम से होगा। ध्वजारोहण के पहले 10 फरवरी को भगवान शंखेश्वर पाश्र्वनाथ एवं महावीर स्वामी चैमुखा जलमंदिर में अठारह अभिषेक विधिकारक समकित शाह विधिविधान के साथ करायेंगे।
ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी महावीर जैन ने बताया कि 2 आचार्यश्री एवं 25 मुनिराज का पावापुरी में मंगल प्रवेश 8 फरवरी को प्रातः होगा। 10 फरवरी को प्रातः 6 बजे पावापुरी तीर्थ में देवलोक हुऐ आचार्य भगवंत मेघवल्लभसूरीजी म. सा. के समाधि मंदिर का खनन एवं भूमि पूजन होगा। इसी दिन शाम को पावापुरी ट्रस्ट मंडल की 24 वी वार्षिक बैठक चेयरमेन किशोर एच. संघवी की अध्यक्षता में होगी जिसमे ट्रस्ट की वार्षिक गतिविधियों एवं कार्यो की समीक्षा होगी और आगामी 31 जनवरी 2026 को तीर्थ में रजत जंयती महोत्सव आयोजित करने की रुपरेखा तैयार की जायेगी।

ध्वजारोहण के पहले 11 फरवरी को प्रातः 8 बजे समाधि मंदिर की आधारशिला रखने के लिए यात्रिक विश्राम घर से गाजते बाजते चर्तुविद संघ के साथ समाधि स्थल पर पहुंचेगे और विधि विधान से वहाँ शिलान्यास होगा। उसी दिन मंदिर में 25 वे ध्वजारोहण के लिए आचार्य भगवंतो के साथ गाजते बाजते मुख्य जिनालय श्रावक-श्राविकाएँ पहुँचेगी और वहाँ पर पूजन के बाद 10 बजे सभी मंदिरो एवं देहरियो पर ध्वजारोहण होगा। उसके बाद आचार्य भगवंत मुख्य जिनालय परिसर मे हित शिक्षा प्रदान करेंगे। समाधि मंदिर शिलान्यास एवं 25 वीं ध्वजारोहण के अवसर पर विभिन्न प्रदेशो से श्रद्धालु पावापुरी तीर्थ में पहुंचेगें।
