मिलावटी पेट्रोलियम टैंकर के खिलाफ जालोर पुलिस की सटीक रणनीति"
जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस विकासकुमार के नेतृत्व में "भौकाल अभियान" के तहत मादक पदार्थ, शराब तस्करी और अवैध बजरी खनन जैसे अवैध कारोबारों पर कार्यवाही की जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत जालोर जिले में जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव के निर्देशानुसार 5 अप्रैल 2025 को विशेष अभियान चलाया गया।
मुखबिर की सूचना के आधार पर सायला थाना क्षेत्र के दो स्थानों पर अवैध पेट्रोलियम पदार्थ से भरे हुए टैंकर पाए गए। प्रथम घटनास्थल सरहद तेजा की बेरी में मदिना होटल के पास एक बाड़े में टैंकर जीजे 12 वाई 6511 मिला, जिसमें मिलावटी पेट्रोलियम पदार्थ भरा हुआ था और जिसके ऊपर वाल्व व मोटर लगे हुए थे। इस टैंकर को जब्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया।
द्वितीय घटनास्थल सरहद तेजा की बेरी सायला-सिणधरी हाईवे पर टैंकर जीजे 12 वाई 1098 मिला, जिसमें मिटर और नोजल लगे थे, जिससे अवैध पेट्रोलियम भरवाने की संभावना थी। इसे भी जब्त कर इसी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इन दोनों घटनाओं पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण संख्या 85 और 86 दिनांक 6 अप्रैल 2025 को दर्ज कर जांच जारी है।
इस कार्यवाही में वृताधिकारी गौतम जैन, थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह तांडी और अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाएं, संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें और अवैध कारोबार से संबंधित कोई जानकारी हो तो पुलिस को अवगत कराएं।
इस प्रकार जालोर जिले में पुलिस ने अवैध पेट्रोलियम कारोबार के खिलाफ प्रभावी कदम उठाते हुए "भौकाल अभियान" को मजबूती प्रदान की।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां