अहम बिंदु:
- सायला से चोरी हुई स्कॉर्पियो बालोतरा की सरहद में लावारिस मिली।
- वारदात में शामिल दोनों आरोपी शातिर; एक पैरोल से फरार तो दूसरा ईनामी बदमाश।
- सीसीटीवी कैमरों की मदद से 250 किलोमीटर तक पीछा करती रही पुलिस टीम।
सायला। सायला पुलिस ने वाहन चोरी की एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश करते हुए चोरी गई स्कॉर्पियो को बरामद कर लिया है। पुलिस की सक्रियता और तकनीकी अनुसंधान के आगे चोरों के हौसले पस्त हो गए और वे पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते गाड़ी को सिणधरी (बालोतरा) थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार को भी जब्त किया है।
सीसीटीवी से मिला सुराग, सायला से फलसूण्ड तक पीछा एसपी मोटाराम गोदारा और एएसपी के निर्देशन में सायला थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। घटना 17-18 नवंबर 2025 की मध्यरात्रि की है, जब सायला बाजार से एक स्कॉर्पियो (नंबर RRA 0975) चोरी हो गई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीमों ने सायला से लेकर फलसूण्ड (जैसलमेर) तक करीब 250 किलोमीटर के रूट पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक स्विफ्ट कार संदिग्ध नजर आई, जिसमें सवार होकर आरोपी आए थे और स्कॉर्पियो चुरा ले गए।
दोनों आरोपी शातिर अपराधी अनुसंधान में सामने आया कि वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (RJ 45 CH 7250) बाड़मेर के नरसाली नाड़ी निवासी अशोक कुमार (पुत्र मोटाराम) की है। जांच में दो मुख्य संदिग्धों की पहचान हुई:
- अशोक कुमार पुत्र मोटाराम (जाट लेघा): यह आरोपी पैरोल से फरार चल रहा है।
- अशोक कुमार पुत्र गंगाराम (जाट गोदारा): यह बालोतरा जिले का ईनामी अपराधी है।
पुलिस के दबाव से घबराए बदमाश पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली कि आरोपी पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी के डर से दबाव में हैं। इसी घबराहट में आरोपियों ने चोरी की गई स्कॉर्पियो को बालोतरा जिले के सिणधरी थाना क्षेत्र में लावारिस छोड़ दिया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्कॉर्पियो बरामद की और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
इस टीम को मिली सफलता इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल रूपाराम, भूराराम, छत्रपाल सिंह और कांस्टेबल सांवलाराम, रामदेवसिंह, हरिराम, लक्ष्मणराम, गमूराम, मनीष चौधरी (सांचौर) व अमित सिंह (DCRB जालोर) की विशेष भूमिका रही।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां