बनासकांठा और अहमदाबाद एलसीबी का संयुक्त एक्शन: पकड़े गए आरोपियों पर दर्ज हैं 43 मामले, 500 सीसीटीवी खंगालने के बाद मिली कामयाबी, दो आरोपी अभी भी फरार
सर्किल न्यूज नेटवर्क
गुजरात के बनासकांठा और अहमदाबाद क्राइम ब्रांच (LCB) ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर कार के शीशे तोड़कर चोरी करने वाली कुख्यात ‘छारा गैंग’ के मुख्य सरगना सहित दो शातिर बदमाशों को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। यह गैंग न सिर्फ गुजरात बल्कि देश के अलग-अलग राज्यों में हवाई सफर (फ्लाइट) कर चोरी की वारदातों को अंजाम देती थी। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य सूत्रधार सतीश लालिया उर्फ सरपलिया शामिल है, जिसके खिलाफ पहले से चोरी के 27 मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपी नकुल राजूभाई तमाईचे पर 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से ₹1.5 लाख नकदी और ₹17,000 की मोटरसाइकिल बरामद की है।
बनासकांठा के पुलिस अधीक्षक प्रशांत सुंबे ने बताया कि पिछले सप्ताह वडगाम थाना क्षेत्र में कार के शीशे तोड़कर चोरी की दो वारदातें हुई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एलसीबी की विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस टीम ने हाइवे और संवेदनशील इलाकों के करीब 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। गुजरात पुलिस के ‘नेत्रम’ और ‘त्रिनेत्र’ कैमरा नेटवर्क की मदद से संदिग्धों और उनके वाहनों की पहचान की गई। इसके बाद अहमदाबाद जोन-4 एलसीबी के साथ तालमेल बिठाकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि इस गैंग का चोरी करने का तरीका बेहद हाईटेक और अनोखा था। आरोपी लग्जरी लाइफ जीने और पुलिस को चकमा देने के लिए फ्लाइट से कोलकाता जैसे देश के बड़े महानगरों में जाते थे। वहां हेस्टिंग्स, नॉर्थ पोर्ट और अलीपुर थाना क्षेत्रों में कार के शीशे तोड़कर कीमती सामान उड़ा ले जाते थे। इस संबंध में बनासकांठा पुलिस अब कोलकाता पुलिस के संपर्क में है। गुजरात के सूरत, वडोदरा, अहमदाबाद और दाहोद जिलों में भी इस गैंग ने कई चोरियां कबूली हैं। गैंग के दो अन्य सदस्य पारस (22 मामलों में आरोपी) और जयंती (8 मामलों में आरोपी) फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।



