चितलवाना/सिवाड़ा: 'सर्किल न्यूज' की खबर के बाद हरकत में आए अधिकारी, ठेकेदार को दिए गुणवत्तापूर्ण कार्य के सख्त निर्देश; अन्य विभागों में भी मची खलबली।
सांचौर/चितलवाना। लोकतंत्र के सजग प्रहरी के रूप में जब मीडिया जनता की आवाज बनता है, तो उसका असर शासन और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर स्पष्ट दिखाई देता है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जगमालजी की ढाणी (सिवाड़ा) में छत मरम्मत कार्य में बरती गई भारी अनियमितता और लापरवाही को लेकर 'सर्किल न्यूज' द्वारा प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए जाने के बाद विभाग पूरी तरह हरकत में आ गया है।
खबर के दूसरे दिन ही 'ग्राउंड जीरो' पर पहुँचे अधिकारी
समाचार के असर से शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों में हड़कंप मच गया। खबर प्रकाशन के मात्र 24 घंटे के भीतर सीबीईओ सज्जाद हुसैन एवं तकनीकी अधिकारी जेईएन कमलेश विश्नोई संबंधित फर्म के ठेकेदार को साथ लेकर सीधे विद्यालय प्रांगण पहुँचे। निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि सरकारी बजट से महज तीन दिन पहले हुई मरम्मत के बावजूद छत पहले की तरह टपक रही थी।
ठेकेदार को कड़ी फटकार, गुणवत्ता से समझौता नहीं
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने निर्माण कार्य में रही खामियों को लेकर ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। सीबीईओ ने दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य में रही तमाम कमियों को तुरंत प्रभाव से दुरुस्त किया जाए और भविष्य में कार्य की गुणवत्ता (Quality) के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सावचेत हुए अन्य विभाग: 'सर्किल न्यूज' की इस असरदार खबर और विभाग की त्वरित कार्रवाई ने क्षेत्र के अन्य सरकारी विभागों और ठेकेदारों को भी कड़ा संदेश दिया है। इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि सार्वजनिक धन के दुरुपयोग और घटिया निर्माण को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जागरूकता लाई रंग
भूमि दानदाता विरद सिंह चौहान ने बताया कि छत टपकने की शिकायत को जब प्रशासन ने अनसुना किया, तब मीडिया का सहारा लिया गया। संस्था प्रधान श्रीराम जांगू और दानदाता की इस सजगता और मीडिया के सहयोग से आज विद्यालय की समस्या का समाधान होता दिख रहा है।
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद: इस अवसर पर चितलवाना सीबीईओ सहजाद हुसैन, जेईएन कमलेश कुमार, ठेकेदार विष्णु कुमार, भरत कुमार, दानदाता विरद सिंह चौहान, संस्था प्रधान श्रीराम जांगू और शिक्षक रमेश कुमार सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
सर्किल न्यूज की बात: जनहित के मुद्दों पर हमारी पैनी नजर बनी रहेगी। भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ हमारी कलम थमेगी नहीं।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां