तस्करों की मुखबिरी का शक: स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, युवक के दोनों पैर तोड़े
सर्किल न्यूज़ नेटवर्क जालोर। जिले के चितलवाना थाना क्षेत्र के सिवाड़ा गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े अपहरण और जानलेवा हमले की रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए बेखौफ बदमाशों ने एक युवक का बीच रास्ते से अपहरण कर लिया और गाड़ी में ही उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। वारदात के बाद बदमाश युवक को मरणासन्न हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। पीड़ित कुकावास निवासी ओमप्रकाश सियाग बताया जा रहा है।
सीसीटीवी में कैद हुई अपहरण की वारदात
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि सिवाड़ा में खड़े युवक को स्कॉर्पियो सवार बदमाश जबरन गाड़ी में डालकर ले जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, बदमाशों ने चलती गाड़ी में युवक पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया, जिससे उसके दोनों पैर बुरी तरह टूट गए हैं। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुरानी रंजिश और मुखबिरी का मामला
शुरुआती जांच और स्थानीय इनपुट्स के अनुसार, यह पूरा मामला अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस को अंदेशा है कि बदमाशों को शक था कि घायल युवक डोडा-पोस्त या शराब तस्करों की मुखबिरी करता है। इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई और नाकेबंदी
वारदात की सूचना मिलते ही चितलवाना पुलिस मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस ने पूरे जिले में ए श्रेणी की नाकेबंदी करवाई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां