सिरोही जिले के लिए गर्व की बात है कि यहां के पेरा टेबल टेनिस खिलाड़ी माधुराम देवासी को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने का सुनहरा अवसर मिला है। माधुराम देवासी ने अपनी खेल प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक सहित कुल 12 पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
पूर्व विधायक और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार रहे संयम लोढ़ा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह किया है कि माधुराम देवासी को स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया, अहमदाबाद केंद्र पर एक वर्ष की अवधि के लिए प्रशिक्षण हेतु ऑन ड्यूटी लीव अनुमत की जाए। वर्तमान में माधुराम को केवल 30 दिन की अनुमति मिली है, जबकि अंतर्राष्ट्रीय स्तर की तैयारी के लिए लंबी अवधि की आवश्यकता है।
इस संबंध में संयम लोढ़ा ने वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, कार्मिक विभाग के प्रमुख सचिव के.के. पाठक और खेल विभाग के प्रमुख सचिव नीरज के पवन से भी फोन पर चर्चा कर, माधुराम के उज्ज्वल भविष्य के लिए सहयोग की अपील की है।
प्रेरणा का स्रोत बने माधुराम
माधुराम देवासी न केवल सिरोही बल्कि पूरे राजस्थान के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी मेहनत, लगन और जज्बा यह साबित करता है कि कठिन परिस्थितियों में भी बुलंदियों को छुआ जा सकता है। यदि सरकार और प्रशासन का सहयोग मिला तो माधुराम निश्चित ही अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करेंगे।
खेल प्रतिभाओं को मिले प्रोत्साहन
इस सकारात्मक पहल से जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी। उम्मीद है कि सरकार शीघ्र ही माधुराम को एक वर्ष की ऑन ड्यूटी लीव की स्वीकृति प्रदान कर, उनके अंतर्राष्ट्रीय सफर को आसान बनाएगी।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां