रानीवाड़ा (जालोर)। मारवाड़ की पावन धरा पर खेल, रोमांच और सामाजिक एकता का ऐसा संगम सजने जा रहा है, जिसकी गूंज सीमा पार गुजरात तक सुनाई देगी। रानीवाड़ा के जालेरा कल्ला स्थित श्री आपेश्वर खेल मैदान (राजकीय महाविद्यालय के पास) में 4 से 7 नवंबर तक श्री गर्गाचार्य क्रिकेट प्रतियोगिता (GPL-2026) के नवम संस्करण का महामुकाबला खेला जाएगा। टूर्नामेंट को लेकर जालोर, सिरोही और बनासकांठा (गुजरात) के गर्ग समाज के युवाओं में जबरदस्त जुनून और दीवानगी देखने को मिल रही है।
नॉकआउट प्रारूप: 'करो या मरो' का हर मुकाबला आयोजन कमेटी ने मुकाबले को बेहद कड़ा और सांसें थाम देने वाला बनाया है। पूरे टूर्नामेंट में नॉकआउट पद्धति लागू रहेगी—यानी एक चूक और टीम टूर्नामेंट से बाहर!
-
शुरुआती मैच: 8-8 ओवर के होंगे, जिसमें पहले 2 ओवर का पावर-प्ले बल्लेबाजों को तूफानी शुरुआत देने का मौका देगा।
-
सेमीफाइनल और फाइनल: खिताबी जंग 10-10 ओवर की होगी, जिसमें 3 ओवर का पावर-प्ले रहेगा।
-
डिजिटल कवरेज: मैदान पर उमड़ने वाले जनसैलाब के अलावा जो दर्शक किसी कारणवश मैदान नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण (Live Telecast) किया जाएगा।
नकद इनामों की बौछार और चमचमाती ट्रॉफियां समस्त गर्ग समाज पंच परगणा के बैनर तले आयोजित इस महाकुंभ में जीत दर्ज करने वाली टीमों पर पुरस्कारों की बरसात होगी:
-
विजेता टीम: 15,000 रुपये नकद + भव्य विजेता ट्रॉफी
-
उपविजेता टीम: 11,000 रुपये नकद + उपविजेता ट्रॉफी
-
तृतीय स्थान: 5,000 रुपये नकद पुरस्कार
इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 'मैन ऑफ द मैच', 'मैन ऑफ द सीरीज', 'सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज' और 'सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज' के विशेष पुरस्कारों से नवाजा जाएगा।
दीपावली स्नेह मिलन: मंत्री जोगेश्वर गर्ग सहित दिग्गजों का जमावड़ा इस खेल महाकुंभ का मुख्य आकर्षण दीपावली स्नेह मिलन समारोह रहेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार के मुख्य सचेतक एवं कैबिनेट मंत्री जोगेश्वर गर्ग शिरकत करेंगे। उनके साथ क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि, समाज के वरिष्ठ पंच, प्रबुद्ध नागरिक और भामाशाह मंच साझा करेंगे। यह मंच केवल खेल का नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक धरोहर और युवाओं के भविष्य की दिशा तय करने का एक ऐतिहासिक केंद्र बनेगा।
प्रतिभाओं को तराशने और भाईचारा मजबूत करने की अनूठी पहल GPL आयोजन कमेटी का कहना है कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और कस्बाई अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारना है। खेल के जरिए समाज के युवाओं को नशा व भटकाव से दूर रखकर अनुशासन, खेल भावना और संगठन की शक्ति से जोड़ना ही इसका ध्येय है।
आयोजन समिति ने जालोर, सिरोही, गुजरात और प्रवासी समाज बंधुओं, भामाशाहों व खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे 4 से 7 नवंबर तक जालेरा कल्ला के मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं। मैदान सज चुका है, पिच तैयार है, अब बस इंतज़ार है 4 नवंबर की उस पहली गेंद का जब बल्ले और गेंद की जंग में युवा जोश दहाड़ेगा!









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां