प्रदेश के 9 जिलों में नए चिकित्सालय भवन निर्माण को सरकार ने दी हरी झंडी
सांचोर। राज्य सरकार ने सांचोरवासियों को बड़ी सौगात देते हुए जिला चिकित्सालय भवन निर्माण के लिए ₹22.67 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आदेश में सांचोर समेत कुल 9 जिलों को शामिल किया गया है, जिनके लिए कुल ₹318.01 करोड़ की राशि मंजूर की गई है।

राज्य सरकार के इस निर्णय से सांचोर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। वर्षों से नई अस्पताल भवन की मांग कर रहे सांचोर वासियों के लिए यह खबर किसी खुशखबरी से कम नहीं है।
राज्य शासन सचिवालय से जारी आदेश के अनुसार, सांचोर में अस्पताल भवन निर्माण बीएसआर दरों के अनुसार किया जाएगा। इस भवन में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, आपातकालीन सेवा, विशेष वार्ड और आधुनिक ऑपरेशन थियेटर की व्यवस्था प्रस्तावित है।
भिंडर, झालरा पाटन और अनुपगढ को सर्वाधिक ₹50-50 करोड़, वहीं धौलपुर, पाली और राजसमंद को ₹22 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। आदेश पर संयुक्त शासन सचिव प्रीति माथुर के डिजिटल हस्ताक्षर हैं और इसे 3 जून 2025 को स्वीकृति प्रदान की गई।
इस घोषणा से सांचोर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आमजन में इस निर्णय को लेकर खुशी की लहर है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां