28 जून को जयपुर में होगा 29वां राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह
जयपुर। राजस्थान सरकार की ओर से प्रवासी राजस्थानियों से जुड़ाव और सामुदायिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आगामी 28 जून 2025 को प्रातः 11:00 बजे जयपुर स्थित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, जवाहर नगर में 29वां राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है।
इस गरिमामय समारोह में मुंबई निवासी एवं श्रीमती ज्योतिबेन अगरचंद कलाजी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष पोपटलाल शाह को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। प्रवासी राजस्थानी सम्मेलनों के माध्यम से उन्होंने राजस्थान के सरकारी विद्यालयों के विकास के लिए प्रेरणादायक निवेश किया, जो राज्य के शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बना है।
प्रवासियों से जुड़ाव को मिल रहा बल
राजस्थान सरकार, विशेष रूप से स्कूल शिक्षा विभाग एवं राइजिंग राजस्थान पहल के तहत, देश-विदेश में बसे राजस्थानियों को एकजुट कर जनकल्याण और शिक्षा सुधार के लिए निवेश को प्रेरित कर रही है। इसी क्रम में पोपटलाल शाह जैसे भामाशाहों की भूमिका अत्यंत सराहनीय है।
होगा विशेष आतिथ्य, नियंत्रण कक्ष भी स्थापित
समारोह की उत्कृष्ट व्यवस्था हेतु संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा कार्यालय, जयपुर संभाग में 25 जून से नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। यह कक्ष समारोह की समाप्ति तक कार्यरत रहेगा। अतिथियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी उपस्थिति की सूचना 26 जून तक नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध करवा दें ताकि उनकी ठहराव, आतिथ्य एवं विराजने की पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जा सके।
समारोह स्थल पर प्रातः 8:30 बजे तक पहुंचने का भी अनुरोध किया गया है, जिससे औपचारिकताएं पूर्ण कर सम्मान प्रक्रिया समय पर आयोजित की जा सके।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां