पाटन @ सर्कल न्यूज़ नेटवर्क.
गुजरात के पाटन जिले में शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए स्टेट मॉनिटरिंग सेल (SMC) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सरस्वती तालुका के खारेडा गांव की सीमा में पुलिस ने दबिश देकर 28.90 लाख रुपये की विदेशी शराब और बीयर समेत कुल 54 लाख रुपये का मुद्दामाल जब्त किया है।
अंधेरे में हो रहा था खेल
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि पुंडियापुरा प्राथमिक स्कूल के पीछे स्थित एक खेत में बड़े पैमाने पर शराब की हेराफेरी चल रही है। तस्कर ट्रक से क्रेटा कार में शराब की ‘कटिंग’ (शिफ्टिंग) कर रहे थे। सूचना मिलते ही SMC की टीम ने मौके पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही अफरातफरी मच गई और अंधेरे का फायदा उठाकर 5 से 6 तस्कर भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने मौके से वनराजजी मानचंदजी ठाकोर को गिरफ्तार कर लिया।
राजस्थान से जुड़े तार
पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब तस्करी का यह नेटवर्क राजस्थान से जुड़ा हुआ है।
- बरामदगी: मौके से भारतीय बनावट की विदेशी शराब की 6,756 बोतलें और बीयर के 1,992 टिन बरामद हुए। साथ ही 15 लाख का ट्रक, 10 लाख की क्रेटा कार और मोबाइल फोन जब्त किए गए।
- सप्लायर: पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह खेप अमीरगढ़ के महावीरसिंह उर्फ राणा से मंगवाई गई थी। इसे राजस्थान के मीन जाम्बुडी स्थित मोंटूसिंह के ठिकाने से जुमाभाई गरासिया ने लोड करवाया था।
वागदोद पुलिस ने वनराजजी ठाकोर, फरार रणजीतजी ठाकोर, सप्लायर महावीरसिंह और अन्य के खिलाफ प्रोहिबिशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



