विरोध में खड़े छात्र बोले- “सांसद जिंदाबाद”
सिरोही, 22 जून। फर्स्ट ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने उदयपुर जा रहे छात्रों को बस नहीं मिलने की शिकायत पर रविवार को जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी सिरोही रोडवेज डिपो पहुंचे। छात्रों के आक्रोश और बसों की कमी की जानकारी मिलते ही सांसद चौधरी ने तुरंत मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से बात की और तत्काल दो बसों की व्यवस्था करवाई।
सूत्रों के अनुसार, एक छात्र ने रविवार सुबह सांसद को फोन कर बताया कि सोमवार को फर्स्ट ग्रेड की परीक्षा है, लेकिन सिरोही से उदयपुर के लिए कोई बस नहीं चल रही। इस पर सांसद चौधरी ने गंभीरता दिखाते हुए रोडवेज के मुख्य प्रबंधक यशवंत राज सिंघानिया से फोन पर बात की, साथ ही मौके पर तहसीलदार को भी बुलाया। थोड़ी ही देर में रोडवेज के उपप्रबंधक ने दो बसों की व्यवस्था की, जिससे छात्र समय पर उदयपुर के लिए रवाना हो सके।

बस स्टैंड पर विरोध कर रहे छात्रों ने जब देखा कि सांसद स्वयं मौके पर पहुंचे हैं और बसों की व्यवस्था हो गई है, तो उन्होंने खुशी से नारे लगाते हुए “लुंबाराम चौधरी जिंदाबाद” के जयघोष किए। छात्रों ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए सांसद का आभार व्यक्त किया।
सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
बस डिपो निरीक्षण के दौरान सांसद ने वहां फैली गंदगी और अव्यवस्था को लेकर रोडवेज उपप्रबंधक को जमकर फटकार लगाई। सांसद ने साफ शब्दों में कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए डिपो की सफाई व्यवस्था प्राथमिकता होनी चाहिए।
मरम्मत कार्य में लापरवाही पर चेताया
बस स्टैंड के मरम्मत कार्य में हो रही देरी को लेकर भी सांसद चौधरी ने असंतोष जताया और कहा कि सात दिन के भीतर कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो उच्च स्तर पर इसकी शिकायत की जाएगी।
इस मौके पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष चिराग रावल और नगर महामंत्री कैलाश मेघवाल भी मौजूद रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां