दूध बेचने की आड़ में नशीले जहर का काला कारोबार; आरोपी अशोक कुमार फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश
सायला/जालौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत सायला थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आशाणा गांव में दबिश देकर दूध के व्यापार की आड़ में चल रहे ड्रग्स बनाने के खेल का भंडाफोड़ किया है। मौके से 101.5 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन), 90,800 रुपए नकद और एमडी बनाने में प्रयुक्त भारी मात्रा में केमिकल व उपकरण जब्त किए गए हैं।
सटीक सूचना पर पुलिस की दबिश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम और वृत्ताधिकारी गौतम जैन के निर्देशन में सायला थानाधिकारी सुरेन्द्रसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। एएनटीएफ चौकी जालौर से मिली सटीक जानकारी के आधार पर 3 मई 2026 को आशाणा निवासी अशोक कुमार उर्फ ओखाराम पुत्र हिमताजी पुरोहित के घर पर छापा मारा गया। कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी अशोक कुमार मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
दूध की आड़ में बना रहा था एमडी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अशोक कुमार समाज की नजरों में दूध बेचने का काम करता था, लेकिन इसकी आड़ में वह घर के भीतर ही केमिकल के जरिए एमडी तैयार कर उसकी तस्करी कर रहा था। पुलिस ने मौके से एमडी बनाने के संसाधन और नकद राशि बरामद की है।
मामला दर्ज, जांच जारी
सायला पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 8/22, 28, 30 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की अग्रिम जांच बिशनगढ़ थानाधिकारी द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेन्द्रसिंह, सउनि राजाराम, कांस्टेबल रणजीतसिंह, लक्ष्मणराम, सांवलराम, अशोक कुमार, आसुराम, महिला कांस्टेबल गीता और हेड कांस्टेबल चालक सुमेरसिंह का विशेष योगदान रहा।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां