जालोर जिले के सायला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन संपोलिया के तहत सरहद आसाणा में नाकाबंदी और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान 23.06 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
घटना का पूरा विवरण
जालोर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस विकासकुमार के निर्देशानुसार मिशन मदमर्दन और ऑपरेशन भौकाल के साथ-साथ ऑपरेशन संपोलिया के तहत अवैध मादक पदार्थ तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले के पुलिस अधीक्षक ज्ञानचन्द्र यादव के आदेश पर नाकाबंदी, संदिग्ध स्थानों और वाहनों की संघन तलाशी ली जा रही है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम और वृताधिकारी गौतम कुमार जैन के सुपरविजन में सायला थाना प्रभारी सुरेन्द्रसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सरहद आसाणा में नाकाबंदी की। संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान मनोहर (22 वर्ष), गणपतलाल (23 वर्ष) और सुजाराम (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 23.06 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुआ। इसके अलावा स्मैक तोलने के लिए इलेक्ट्रॉनिक मोबाइलनुमा कांटा और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (नंबर आरजे 16 एचआर 6097) भी जब्त की गई।
आरोपियों की जानकारी
- मनोहर, पुत्र रमेश कुमार, उम्र 22 वर्ष, निवासी बोरडी, खानपुर, थाना बिशनगढ, जालोर
- गणपतलाल, पुत्र कानाराम, उम्र 23 वर्ष, निवासी बोरडी, खानपुर, थाना बिशनगढ, जालोर
- सुजाराम, पुत्र बगदाराम, उम्र 27 वर्ष, निवासी पुलिस चौकी के पीछे, उम्मेदाबाद, थाना बिशनगढ, जालोर
कानूनी कार्रवाई
मामला नंबर 145 दिनांक 30.05.2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अग्रीम अनुसंधान पुलिस थाना बिशनगढ के अधिकारी निम्बसिंह को सौंपा गया है। आरोपियों से अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के संबंध में जांच जारी है।
पुलिस टीम और विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में उप निरीक्षक महिपालसिंह, कांस्टेबल मनोहरलाल, रामदेव, गणपतलाल, लक्ष्मणराम, मोहित शामिल थे। विशेष भूमिका में मनीष चौधरी (पुलिस थाना सायला) और किशनलाल (पुलिस अधीक्षक कार्यालय जालोर) ने सहयोग दिया।



