रानीवाड़ा। आणजणा समाज छात्रावास, रानीवाड़ा के उद्घाटन अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के अनेक संत-महात्माओं व जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। हालांकि, मुख्य अतिथि गुजरात विधानसभा अध्यक्ष एवं बनास डेयरी के चेयरमैन शंकर भाई चौधरी राजकीय व्यस्तताओं के कारण कार्यक्रम में शरीक नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने डिजिटल माध्यम से लाइव जुड़कर समाज को संबोधित किया।
अपने मार्मिक संबोधन में शंकर भाई चौधरी ने कहा—
“हमारा समाज व्यसनमुक्त बने, शिक्षा को प्राथमिकता दे, यही समय की पुकार है। शिक्षण और संस्कार के बिना कोई भी समाज प्रगति नहीं कर सकता।”
उन्होंने बताया कि नेनवा तक पानी पहुंचाने की दिशा में कार्य चल रहा है और आगे राजस्थान की धरती तक भी यह सेवा पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने इस बात का भी भरोसा दिलाया कि आगामी कुछ दिनों में वे स्वयं रानीवाड़ा आएंगे और समाजजन से प्रत्यक्ष संवाद करेंगे।

चौधरी ने आह्वान किया कि—
“संस्थान की प्रगति और समाज के नव निर्माण के लिए हम सबको मिलकर समर्पण भाव से कार्य करना होगा। समाज का हर युवा शिक्षित, नशामुक्त और संस्कारित बने, यही हमारी सच्ची सफलता होगी।”
इस अवसर पर कार्यक्रम में पूर्व सांसद देवजी एम पटेल, सांचौर विधायक जीवाराम चौधरी, श्रीशिकारपुरा गादीपति महंत दयाराम जी महाराज, सूरजकुंड मठ के महंत लहरभारती महाराज, अपेश्वर मठ के महंत रतनभारती महाराज तथा रवींद्रभारती महाराज की उपस्थिति ने समारोह को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने छात्रावास निर्माण को समाज की दिशा बदलने वाला कदम बताया और युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे शिक्षा और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ें।



